• June 5, 2026 1:02 am

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सलियों ने की ग्रामीण की हत्या, शव को सड़क पर फेंक उस पर रख गए पर्चा

ByPrompt Times

Jul 1, 2024
Share More

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सलियों ने एक ग्रामीण को मुखबिर और बस्तर फाइटर का सदस्य बताकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव के ऊपर एक पर्चा भी छोड़ दिया। इसमें उस पर मुखबिरी का दोषी पाए जाने पर मौत की सजा देने की बात लिखी गई है। पुलिस की कार्रवाई से बौखलाए नक्सली अब ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं।

  1. ग्रामीणों में भय फैलाने के लिए नक्सली कर रहे ऐसी वारदात।
  2. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
  3. पहले भी कई ग्रामीणों को मुखबिर बताकर बना चुके हैं निशाना।

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा एक ग्रामीण की हत्या कर शव को सड़क पर फेंकने की घटना सामने आई है। नक्सलियों ने ग्रामीण के शव पर एक पर्चा भी रखा है, जिसमें उसे पुलिस का मुखबिर बताया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने 30 वर्षीय सन्नू उसेंडी पिता डोगे उसेंडी की पुलिस की मुखबिरी में हत्या कर दी। ग्रामीण का शव 30 जून की रात बटुमपारा चौक ओरछा में पड़ा मिला। सन्नू बांस शिल्प कॉलोनी नारायणपुर का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार शव पर एक पर्चा भी मिला, जिसमें ग्रामीण को बस्तर फाइटर का जवान बताने के साथ उसे पुलिस का मुखबिर भी बताया गया है। पर्चे में उसे मौत की सजा सुनाने की बात कही गई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। एसपी प्रभात कुमार ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने केस दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है। इसके पहले भी नक्सली कई ग्रामीणों को पुलिस का मुखबिर बताकर उनकी जान ले चुके हैं।

सुरक्षाबल लगातार बना रहे नक्सलियों को निशाना

आशंका जताई जा रही है कि नक्सली ग्रामीणों में अपना डर कायम करने के लिए ऐसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सुरक्षाबल जंगल में लगातार नक्सलियों को निशाना बना रहे हैं। जिससे वे घबरा गए हैं और निर्दोष ग्रामीणों की हत्या करने जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों ने कई नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इसी के साथ ही कई ईनामी नक्सली सरेंडर भी कर चुके हैं। इससे इनका संगठन कमजोर होने लगा है।

SOURCE – NAIDUNIA

 


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *