• April 29, 2024 7:42 pm

आजीविका की राह में नई पहल, राशन दुकान के बाद अब महिलाएं करेंगी उपज की खरीदी

ByPrompt Times

Oct 10, 2020
आजीविका की राह में नई पहल, राशन दुकान के बाद अब महिलाएं करेंगी उपज की खरीदी

बालाघाट। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले में स्व-सहायता समूह ब्लैक लिस्टेड समितियों का विकल्प बनेंगे। राशन दुकान चलाने के बाद आजीविका मिशन के समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी उनकी आजीविका की राह आगे बढ़ाएगी।

प्रशासन की इस पहल से जिले के पांच विकासखंडों के 21 स्व-सहायता समूह की महिलाओं की इससे आमदनी बढ़ेगी और ढाई सौ परिवार को रोजगार मिलेगा। जिले में आजीविका मिशन के समूहों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का यह प्रयोग सफल हुआ,तो जिले में आजीविका मिशन की धान खरीदी में भागीदारी बढ़ने के साथ ही सहकारी समिति से पंजीकृत 162 ग्राम संगठनों को भी काम मिलेगा।

जिले के कटंगी, किरनापुर, बिरसा, परसवाड़ा, लालबर्रा विकासखंड की खैरलांजी, बनेरा, जराहमोहगांव, जाम, सिरपुर, बिनौरा, चिखला, कुमादेही, मंडई, सालेटेकरी, घोटी, टेंगनीकला, नेवरगांव (ल), कंजई, छिंदलई मानपुर, ददिया समेत 21 ब्लैक लिस्टेड समितियों की जगह स्व-सहायता समूह उपज की खरीदी करेंगे। इसके लिए प्रशासन ने खाका तैयार कर समूहों को चिन्हित कर लिया है। आजीविका मिशन को समूहों के माध्यम से खरीदी की जिम्मेदारी सौंपी है।

यह होगा फायदा

  • धान खरीदी में भी आगे आएंगी महिलाएं
  • 21 खरीदी केंद्रों की स्व-सहायता समूह संभालेंगे कमान
  • धान खरीदी में भी बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी।
  • करीब 250 परिवार को मिलेगा इससे रोजगार।
  • पांच विकासखंड के 21 केंद्रों की ब्लैक लिस्टेड समितियों की जगह स्व-सहायता समूह करेंगे काम।
  • धान खरीदी और बोरों की सिलाई, बनेगी आमदनी का जरिया।
  • आजीविका मिशन के पंजीकृत ग्राम संगठन की भी जीविका की राह होगी आसान।

इनका कहना है

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आजीविका मिशन के समूहों की माध्यम से कराने की योजना बनाई गई है। जिले की 21 ब्लैक लिस्टेड समितियों के जगह स्व-सहायता समूहों की महिलाएं धान की खरीदी करेंगी। इसके लिए पांच विकासखंड के 21 समूहों को चिन्हित किया गया है।

– ओमप्रकाश बेदुआ, जिला प्रबंधक आजीविका मिशन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *