OLA e-rickshaw: देश की प्रमुख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी OLA Electric ने हाल ही में घोषणा की थी कि वो अपना IPO लाने वाली है. इससे पहले कंपनी अपने व्हीकल पोर्टफोलियो को विस्तार देते हुए नए सेग्मेंट में भी एंट्री का प्लान बना रही है. मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो, OLA अब इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर यानी कि ऑटो-रिक्शा को लॉन्च करने की तैयारी में है. कंपनी ने अपने इस तिपहिया इलेक्ट्रिक वाहन का नाम भी फाइनल कर दिया है.
ET की रिपोर्ट में इस मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया गया है कि, OLA के इस इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा को राही (Raahi) नाम दिया गया है, जिसे आने वाले महीनों में लॉन्च किया जा सकता है. बाजार में आने के बाद ये इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर मुख्य रूप से महिंद्रा ट्रियो, पियाजियो ऐप और बजाज आरई जैसे मॉडलों को टक्कर देगा. कंपनी अपनी इस योजना पर पिछले कुछ सालों से काम कर रही है.
विस्तार योजना का महत्वपूर्ण कदम
ई-ऑटोरिक्शा की शुरुआत ओला इलेक्ट्रिक की विस्तार योजनाओं में एक महत्वपूर्ण कदम है जो उसके आगामी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले है. कंपनी ने दिसंबर 2022 में ही आईपीओ के लिए आवेदन किया और उसका लक्ष्य 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाना है. आईपीओ से पहले, ओला इलेक्ट्रिक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में अपनी स्थिति मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जहां वर्तमान में उसका नेतृत्व का स्थान है. अपनी पेशकश को बेहतर बनाने के लिए, कंपनी ने हाल ही में अपने स्कूटर की बैटरी वारंटी को आठ साल तक बढ़ा दिया है. इसके अतिरिक्त, उसकी योजना और अधिक फास्ट-चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने और अपने सर्विस नेटवर्क का विस्तार करने की है.
गीगा फैक्टरी ओपन करने का है प्लान
बता दें फरवरी 2024 में ओला इलेक्ट्रिक के को-फाउंडर भाविश अग्रवाल ने कंफर्म किया कि ओला इलेक्ट्रिक एक गीगा फैक्टरी ओपन करने का प्लान बना रही है. इस फैक्टरी में बैटरी सेल्स की मैनुफैक्चरिंग की जाएगी, जिनका इस्तेमाल ओला अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियों में करेगी. इसी के साथ ओला ने अपने सभी इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बैटरी वारेंटी 8 साल के लिए बढ़ा दी है. ओला की प्लानिंग अगली तिमाही तक में देश में 10 हजार फास्ट चार्जिंग स्टेशन सेटअप करने की है. इसके अलावा कंपनी अप्रैल तक में अपने सर्विस सेंटर भी बढ़ाएगी.
