• June 7, 2026 11:45 pm

बस्तर दौरे पर ओम माथुर ने कहा- मोदी का जादू है और आगे भी चलेगा, राजनीतिक और तकनीकी रूप से होगा काम

Share More

27 अप्रैल 2023 | छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य ओम माथुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चुनावों में जादू पहले भी चला है और आगे भी चलेगा। छत्तीसगढ़ के इस साल होने वाले विधानसभा और अगले साल लोकसभा चुनाव में भी भाजपा जीतेगी। केंद्र की नरेन्द्र मोदी की सरकार के कामों को लेकर भाजपा इन दोनों चुनावों में जनता के बीच जाएगी और वोट मांगेगी।

छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभारी बनने के बाद पहली बार तीन दिन के बस्तर प्रवास पर बुधवार को जगदलपुर पहुंचे। ओम माथुर ने आगामी चुनावों में पार्टी के संभावित प्रदर्शन से जुड़े सवाल के जवाब में कहा कि जनता के बीच मोदी की लोकप्रियता और उनका काम बोलता है। माथुर ने कहा कि देश में कोई मंहगाई नहीं है। यह विपक्षी दलों द्वारा पैदा किए जाने वाला भ्रम है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण के सवाल पर उनका कहना था कि इस पर अभी बोलना उचित नहीं है। जब समय आएगा बता दिया जाएगा। 2019 के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ के तत्कालीन सभी सांसदों की टिकट काटकर नए चेहरों को उतारने की रणनीति क्या विधानसभा चुनाव में भी अपनायी जाएगी इस पर माथुर ने कहा कि हर समय एक जैसी परिस्थिति नहीं रहती है। उन्होंने कहा कि वह इसके पहले भी कुछ राज्यों के प्रभारी रह चुके हैं। उनके काम करने का तरीका अलग है। एक पक्ष राजनीतिक और दूसरा तकनीकी होता है। पार्टी दोनों पक्षों को सामने रखकर तैयारी करती है। छत्तीसगढ़ में भी यही किया जाएगा।

 

रेललाइन बनेगी देरी राज्य सरकार कर रही

ओम माथुर ने जगदलपुर-रावघाट रेललाइन परियोजना का काम शुरू करने में देरी के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होेंने दावा किया कि राज्य सरकार रेललाइन के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा नहीं कर पाई है। वन एवं पर्यावरण संबंधी स्वीकृति का प्रस्ताव भी केंद्र को नहीं भेजा गया है। केंद्र सरकार की ओर से इस परियोजना में देरी नहीं की जा रही है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव बहुत अच्छे व्यक्ति और कर्मठ मंत्री हैं। राज्य सरकार अपना काम पूरा कर दे, रेलवे परियाेजना पर काम शुरू कर देगा। माथुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गति शक्ति विभाग बनाया है। इसका काम ही परियोजना की बाधा दूर कर काम को गति देने का है। उनसे जब यह पूछा गया कि रेलमंत्री बस्तर के पूर्व भाजपा सांसद व विधायकों को रेल मुद्दे पर मिलने का समय नहीं दे रहे हैं, माथुर ने कहा कि यह गलत है। ऐसा नहीं हो सकता।

निवेश क्यों नहीं हुआ पता करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दंतेवाड़ा में नौ मई 2015 को आयोजित जनसभा में लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के पूंजी निवेश के लिए एमओयू हुआ लेकिन एक दो काम को छोड़कर बड़ी परियोजनाओं पर काम नहीं हो पाया इस सवाल पर माथुर ने कहा कि वह पता करेंगे। परियोजनाओं के काम में देरी क्यों हो रही है। पत्रकार वार्ता में सांसद संतोष पांडे व मोहन मंंडावी, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री लता उसेंडी व केदार कश्यप, पूर्व विधायक संतोष बाफना, कमलचंद भंजदेव आदि वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

सोर्स :-” इंडिया TV ”              


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *