नीट यूजी परीक्षा का आयोजन हर साल किया जाता है. इस साल भी हर साल की तरह इस परीक्षा में लाखों कैंडिडेट्स शामिल हुए थे. लेकिन लोगों के दिमाग में इस एग्जाम से जुड़ी एक बड़ी गलतफहमी होती है कि नीट परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवार केवल डॉक्टर बन सकते हैं. नीट यूजी एग्जाम पास कर आप कई फील्ड में बेहतरीन करियर बना सकते हैं. जिनमें अच्छी सैलरी वाली जॉब मिलती हैं, आइए जानते हैं इस परीक्षा में सफल होने के बाद आप किन-किन फील्ड में हाथ आजमा सकते हैं.
गुजरे कुछ वर्षों में इस इंजीनियरिंग की तरह ही मेडिकल लाइन का भी काफी ज्यादा क्रेज देखने को मिला है. हालांकि देश के बड़े-बड़े सरकारी संस्थानों में सीटें ज्यादा नहीं है लेकिन उम्मीदवारों के अभिवावक पैसा खर्च कर उनका दाखिला निजी संस्थानों में भी करा देते हैं. लेकिन चाहे सरकारी हो या प्राइवेट कॉलेज आपको नीट परीक्षा में शामिल होने जरुरी है. नीट एग्जाम मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले छात्रों की न्यूनतम योग्यता सुनिश्चित करता है.
रजिस्ट्रेशन के टूटे रिकॉर्ड
इस साल की बात की जाए तो नीट परीक्षा के लिए रिकॉर्ड तोड़ उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया. इस बार कुल 24 लाख छात्रों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन दिया था. इनमें से 42.8% छात्र यानी करीब 10 लाख से ज्यादा मेल उम्मीदवार थे. वहीं, परीक्षा के लिए करीब 57.2% छात्राओं ने पंजीकरण किया. फीमेल कैंडिडेट्स की संख्या तकरीबन 13 लाख 63 हजार से अधिक रही.
क्या हैं विकल्प?
देश में MBBS, BDS और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवश्यक है. नीट परीक्षा पास करने वाले ज्यादातर कैंडिडेट्स डॉक्टर या डेंटिस्ट बनने का सपना देखते हैं. हालांकि इन दोनों के अलावा भी इस परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों के पास विकल्प हैं.
नर्सिंग
नीट परीक्षा पास कर उम्मीदवार नर्सिंग के फील्ड में भी शानदार करियर बना सकते हैं. नर्स मरीजों को सीधे तौर पर देखभाल देती/देते हैं. यह डॉक्टरों की विभिन्न चिकित्सा प्रक्रियाओं में उनकी मदद करते हैं. नर्सिंग के क्षेत्र में नौकरियों के बहुत अच्छे अवसर हैं और साथ ही करियर में आगे बढ़ने के भी कई मौके मिलते हैं.
फार्मास्युटिकल
फार्मास्युटिकल फील्ड नीट पास करने वालों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है. फार्मासिस्ट मरीजों की देखभाल और दवाओं के प्रबंधन में अहम भूमिका निभाते हैं. वे दवाइयां देते हैं, दवाओं के इस्तेमाल के बारे में सलाह देने के साथ ये सुनिश्चित करते हैं कि दवाओं का सेवन सुरक्षित तरीके से हो.
बन सकते हैं रिसर्चर
नीट परीक्षा क्लिनिकल और अस्पताल कार्य से परे शोध में करियर का रास्ता खोलती है. अच्छे नीट रैंक वाले छात्र देश के शीर्ष कॉलेजों में क्लिनिकल रिसर्च प्रोग्राम में प्रवेश पा सकते हैं. “बैचलर ऑफ साइंस इन क्लिनिकल रिसर्च” जैसे पाठ्यक्रम इस क्षेत्र में करियर की शुरुआत के लिए बेहतर विकल्प हैं.
बीएचएमएस
नीट एग्जाम पास करने के बाद होम्योपैथी का फील्ड भी एक शानदार विकल्प है. अच्छी रैंक के साथ आप देश के अच्छे से अच्छे होम्योपैथी कॉलेजों में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं. बीएचएमएस कोर्स पूरा करने के बाद, आप डॉक्टर, फार्मासिस्ट या टीचिंग लाइन में करियर बना सकते हैं.
आयुर्वेद भी शानदार विकल्प
नीट के बाद आयुर्वेद में करियर के लिए बीएएमएस (आयुर्वेदिक चिकित्सा और शल्य चिकित्सा में स्नातक) कोर्स चुन सकते हैं. यह कोर्स आयुर्वेदिक सिद्धांतों, रोगों व उपचारों को समझने में मदद करता है. साथ ही कोर्स पूरा करने के बाद करियर में बहुत से रास्ते खुल जाते हैं.
source abp news
