• May 9, 2024 4:54 am

राम मंदिर, धारा 370 से कोरोना तक पर सवाल, फिर बोले योगी- क्यों देना कांग्रेस को वोट?

09 नवंबर 2022 |  हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा की जा चुकी है। सूबे में 12 नवंबर को वोटिंग होगी। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दीं है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हिमाचल के दौरे पर हैं। एक रैली को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस होती तो क्या कश्मीर से धारा 370 हटती?, कांग्रेस रहती तो क्या अयोध्या में राम मंदिर बन पाता? कांग्रेस रहती तो कोरोना काल में फ्री में टेस्ट और उपचार हो पाता? जब ये लोग कुछ नहीं कर सकते तो इन्हें वोट क्यों देना।

योगी आदित्यनाथ ने एक ट्वीट में लिखा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश की ठियोग विधानसभा क्षेत्र के जन-जन का उद्घोष है कि हिमाचल में ‘राज नहीं, रिवाज बदलेगा’। यहां की जनता ने ठाना है, हर बूथ पर सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद का कमल खिलाना है। सभी ठियोग वासियों को जय श्री राम!

योगी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 5 साल सीएम बनने के बाद दोबारा सीएम बनने का मौका बस मुझे मिला है। वहां सरकार रिपीट किया है। योगी बोले की हिमाचल की जनता फिर से भाजपा को मौका देगी। यहां का रिवाज भाजपा बदलेगी।

उन्होंने कहा कि भारत के लोगों के आस्था के साथ खिलवाड़ होगा तो वो चुप नहीं रहेगा। योगी ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर अयोध्या में बन रहा है। राम मंदिर इस देश का राष्ट्र मंदिर है। मंदिर का 55% काम पूरा हो गया है। राम मंदिर भारत के लोगों के भावनाओं का मंदिर है।

योगी ने कहा कि संकट के समय में जो साथ दे वही सच्चा हितैषी है। कोरोना महामारी के दौरान पीएम मोदी ने फ्री में टेस्ट, फ्री में इलाज और फ्री में वैक्सीन दिया। महामारी के बाद हमेशा भुखमरी आती है लेकिन पीएम मोदी ने 80 करोड़ लोगों को लगातार फ्री में राशन का लाभ दिया।

योगी ने कहा कि जो सरकार आपकी आस्था को सम्मान दे सके, सीमाओं की सुरक्षा कर सके, रोजगार दे सके, किसानों की आय बढाए, पेंशन का लाभ दे सके, वैश्विक मंच पर देश का नाम ऊंचा करे, हर घर जल पहुंचा सके, ऐसी सरकार को वोट दीजिए। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस होती तो क्या कश्मीर से धारा 370 हटती?, कांग्रेस रहती तो क्या अयोध्या में राम मंदिर बन पाता? कांग्रेस रहती तो कोरोना काल में फ्री में टेस्ट और उपचार हो पाता? जब ये लोग कुछ नहीं कर सकते तो इन्हें वोट क्यों देना। बता दें कि हिमाचल में वोटिंग 12 नवंबर को होनी है। वहीं 8 दिसंबर को परिणाम आएगा।

सोर्स:–” हिंदुस्तान”                             

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *