गरियाबंद। कलेक्टर बी.एस. उइके ने आज राजिम के विश्राम गृह में जिला अधिकारियों की समय-सीमा की बैठक लेते हुए राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला प्रदेश स्तरीय होगा। तथा इस मेला का आयोजन भव्य रहेगा। जिसमें श्रद्धालु, साधु-संत, कलाकार एवं दर्शनार्थी राजिम पहुँचेंगे। ऐसे में सभी विभागों को समय-सीमा के भीतर अपने-अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करना होगा, ताकि मेला निर्विघ्न, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
कलेक्टर ने राजिम कुंभ कल्प मेला स्थल पर मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए कहा कि पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएँ, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था जैसे सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में प्रवेश मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई, अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था तथा चिकित्सा शिविरों की स्थापना समय रहते पूरी कर ली जाए।
उन्होंने पुलिस विभाग को भीड़ प्रबंधन, यातायात कंट्रोल और सुरक्षा की दृष्टि से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला स्थल पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम संचालन तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती प्रभावी ढंग से की जाए। स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट और प्राथमिक उपचार केंद्र उपलब्ध कराने और नगरीय निकाय के अधिकारियों को मेला परिसर एवं नगरीय निकाय राजिम की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला गरियाबंद जिले की पहचान है। इसकी गरिमा और परंपरा को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य कर मेला को सफल बनाने में अपना शत्-प्रतिशत योगदान दें।
