राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों की सुनवाई और सत्यापन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभाग के अधिकारियों को झांकी सहित आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा प्रकरण का समय-सीमा में निराकरण नहीं होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने तहसीलदार को प्रकरण का नियमानुसार शीघ्र निराकरण कर हितग्राही को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि जनसामान्य के साथ अच्छा व्यवहार रखें और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलतपूर्वक निराकरण करें। उन्होंने निजी चिकित्सालयों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निजी चिकित्सालयों द्वारा किसी भी तरह की लापरवाही और नियमों के उल्लघंन करने पर संबंधित चिकित्सालयों के विरूद्ध पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग का कार्य अनिवार्य रूप से किया जाए और इस कार्य को तेज गति से करने के निर्देश दिए। उनकी सोनोग्राफी, स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाईयों पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं से प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी मोबाईल के माध्यम से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उक्त निर्देश दिए।
