• June 8, 2026 8:46 am

धूप खिलने से राहत-19 सड़कें खुलीं, 18 पर काम जारी- बंद पड़ी सड़कों को बहालकर पर्यटक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए, 22 को फिर करवट लेगा मौसम

Share More

20 अक्टूबर 2021 | हिमाचल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्राें में मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार को प्रदेश में दिन भर धूप खिलने से लाेगाें काे ठंड से भारी राहत मिली है। जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी से अवरूद्ध सड़कों को बहाल करने के कार्य में भी तेजी लाई गई। लाहौल-स्पीति जिला में बर्फबारी के बाद जनजीवन पटरी से उतर गया था तथा रास्ते बंद होने के कारण कई पर्यटकों के वाहन फंस गए। मौसम खुलने पर सेना और स्थानीय प्रशासन ने फंसे अधिकांश पर्यटकों को निकाल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण आगामी 22 अक्टूबर से मौसम के फिर बिगड़ने की आशंका जताई है। माैसम विभाग के निदेश सुरेंद्र पाल ने बताया कि अगले दो दिन राज्य में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 22 और 23 अक्टूबर को राज्य में फिर बारिश व बर्फबारी होने का अनुमान है। 23 अक्टूबर को मैदानी और मध्यपर्वतीय क्षेत्रों के लिए गरज के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 घंटों में हंसा में 38 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। कोकसर में 15, सुमदो में 13 और गोंडला में आठ सेंटीमीटर हिमपात हुआ है।

सांगला में 66 मिमी बारिश दर्ज की गई। रिकांगपिओ में 54, कल्पा में 50, सराहन में 26, रामपुर व तिंदर में 25-25, मनाली व खदराला में 24-24, रोहड़ू में 23, नारकंडा में 22, बंजार और कुमारसेन में 20-20, कोठी में 19, कोटखाई और बजुआरा में 17-17, शिवबाग और भुंतर में 17-17 और केलांग में 14 मिमी बारिश हुई है।

कुल्लू ​​​​: ​​​मनाली सरचू मार्ग बहाल होने में लगेंगे 72 घंटे

मनाली-लेह मार्ग में सड़क से बर्फ हटाने का कार्य जारी है इस मार्ग को सरचू तक वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल होने में 72 घंटे का और समय लग जाएगा। बीआरओ के कमांडर कर्नल उमाशंकर ने बताया कि मनाली-सरचू मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य जारी है इस मार्ग को बहाल करने में 72 घंटे का समय लग जाएगा उन्होंने बताया कि इस मार्ग में कई जगह हिमस्खलन हुआ है जिस कारण मार्ग को बहाल करने में ज्यादा समय लग रहा है।
उन्होंने बताया कि पतसेउ के पास हिमस्खलन हुआ है जिस कारण सड़क पर बर्फ का काफी मलबा गिरा है, उसे हटाने का कार्य बीआरओ की मशीनें कर रही है। उमाशंकर ने बताया कि इसके अलावा इस मार्ग की बहाली मौसम पर निर्भर करेगी। गौरतलब है कि 2 दिनों तक हुई बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग में बारालाचा दर्रा और अन्य दर्रा में 2 से 3 फीट तक ताजा बर्फबारी हुई है जिस कारण यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ गया है।

बर्फबारी के कारण लाहौल-स्पीति के कंलग में न्यूनतम तापमान -1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री, शिमला में 11.2 डिग्री, सुंदरनगर में 9.3 डिग्री, भुंतर में 8.1 डिग्री, धर्मशाला में 15 डिग्री, उना में 16.5 डिग्री, नाहन में 16.7 डिग्री, पालमपुर में 12.3 डिग्री, सोलन में 9.4 डिग्री, मनाली में 4.8 डिग्री, कांगड़ा में 14.2 डिग्री, मंडी में 11.6 डिग्री, बिलासपुर में 14 डिग्री, हमीरपुर में 13.1 डिग्री, चंबा में 12.3 डिग्री, डल्हौजी में 10.7 डिग्री, कुफरी में आठ डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.5 डिग्री और पांवटा साहिब में 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

काजा में फंसे पर्यटकों को रिकांगपिओ के लिए भेजा

बर्फबारी होने के कारण काजा क्षेत्र में फंसे पर्यटकों को किन्नौर जिला के रिकांगपिओ की ओर भेज दिया है। प्रशासन का दावा है कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और उन्हें किन्नौर के रास्ते क्षेत्र से बाहर निकाला जा रहा है। क्षेत्र की वास्तुस्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीएम काजा महेंद्र प्रताप सिंह ने सुमदो काजा मार्ग का निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएसपी रोहित मृग पूरी और नायब तहसीलदार विद्या सिंह नेगी भी मौजूद रहे। काजा से सूमदो मार्ग कई जगह से देर रात को बंद हो गए थे। इस कारण कई जगह से आवाजाही बाधित हो गई थी। मंगलवार सुबह ही मार्ग खोलने का कार्य शुरू कर दिया था। कई पर्यटक ताबो से काजा की तरफ आ रहे थे। मलिंग टॉप जैसे ही खुला तो सुमदो में फंसे लोगों को तुरंत किन्नौर की तरफ भेज दिया गया। क्षेत्र में करीब 40 गाड़ियां यहां फंस गई थीं।

Source ;- दैनिक भास्कर


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *