• June 8, 2026 2:36 pm

एशिया कप के बाद वनडे वर्ल्ड कप के वेन्यू पर बवाल, पाकिस्तान की तरफ से आया एक और बयान

Share More

01 अप्रैल 2023 |  पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के बीच लंबे समय से एशिया कप 2023 के वेन्यू पर चर्चा जारी है। इस टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान के पास है और बीसीसीआई की तरफ से भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान की यात्रा करने से मना कर दिया गया है। इसके बाद न्यूट्रल वेन्यू पर टूर्नामेंट को करवाने की मांग उठी है। उधर पाकिस्तान की तरफ से एक हाइब्रिड मॉडल पेश किया गया जिसमें भारत को अपने मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने होंगे और बाकी सभी मैच पाकिस्तान में ही होंगे। पर हाल ही में इसको लेकर एक नया विवाद आया था। खबरें यह आई थीं कि पाकिस्तान की ओर से यह हाइब्रिड मॉडल आईसीसी (ICC) में पेश किया गया जिसमें पाकिस्तानी टीम वनडे वर्ल्ड कप 2023 के अपने मैच भारत की बजाय पाकिस्तान में खेलेगी।

पर अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की ओर से इस पर स्पष्ट जवाब जारी किया गया है। पीसीबी की तरफ से इस बात को बिल्कुल झुठला दिया गया है कि उसने यह हाइब्रिड मॉडल आईसीसी में पेश किया। पीसीबी ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उसके अध्यक्ष नजम सेठी ने आईसीसी बोर्ड की बैठक में कभी यह विचार नहीं रखा कि उनकी पुरुष टीम भारत के बजाय बांग्लादेश में अपने विश्व कप मैच खेलने की इच्छुक है। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ की ओर से 29 मार्च को ही यह खबर दी गई थी कि आईसीसी ने इस बात से इनकार कर दिया था कि उसके मंच पर कभी इस तरह की कोई भी चर्चा हुई थी।

क्या बोले थे नजम सेठी?

आईसीसी ने कहा था कि, बांग्लादेश किसी भी विश्व कप मैच की मेजबानी के लिए भी दावेदार नहीं है क्योंकि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) ने आश्वासन दिया था कि पाकिस्तान टीम के लिए वीजा की समस्या नहीं होगी। पीसीबी ने स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट के ‘हाइब्रिड मॉडल’ की अवधारणा सिर्फ एशिया कप से संबंधित थी क्योंकि भारतीय टीम पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगी। वहीं पीसीबी अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल रहे नजम सेठी ने गुरुवार को रावलपिंडी/इस्लामाबाद में मीडिया से की गई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि, उन्होंने एशिया कप के लिए पेश किए गए ‘हाईब्रिड मॉडल’ के बारे में मीडिया को जानकारी दी थी ताकि टीम इंडिया के पाकिस्तान नहीं आने के फैसले के बाद हुए गतिरोध को खत्म किया जा सके।

सोर्स :-” इंडिया TV

 


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *