• May 2, 2024 12:30 pm

सिंहदेव बोले- ये घटनाएं अचानक हुईं, पुलिस और सूचना तंत्र को सतर्क रहने की जरूरत

15 फ़रवरी 2023 | छत्तीसगढ़ के बस्तर में लगातार भाजपा नेताओं की हो रही हत्या को लेकर राज्य में सियासत गरमाई हुई है। जगदलपुर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया से कहा कि, मैंने ज्यादा हत्या के बारे में नहीं सुना। लेकिन, 2-3 हत्या के बारे में पता चला है। उन्होंने कहा कि, अचानक हुई घटनाओं में चाहे पुलिस हो या अन्य कोई भी डिपार्टमेंट इसमें कुछ नहीं कर पाता है। लेकिन, कोई पुरानी रंजिश हो तो उसके लिए पुलिस विभाग और सूचना तंत्र को सतर्क रहना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव 2 दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं।  टीएस सिंहदेव ने कहा कि, बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने की कोशिश की जा रही है। नए डॉक्टरों की भर्ती कर रहे हैं। सीधी भर्ती भी की जा रही है। संविदा भर्ती के लिए वॉक इन इंटरव्यू भी रखा गया है। बॉन्डेड डॉक्टरों को भी प्राथमिकता के साथ भेजा जाएगा।

सिंहदेव बोले- अभी काम करना बाकी

टीएस सिंहदेव ने कहा कि, हमने घोषणा पत्र में जो-जो वादे किए थे उनमें से कई वादों को पूरा किया गया है। कुछ अधूरे हैं। कोशिश है पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभी संविदा शिक्षकों को ही रेगुलर किया गया है। बाकी अब आंगनबाड़ी, कर्मचारियों की नियमितीकरण की मांग, रसोइया संघ, सफाई कर्मी इनकी मांगों को पूरा करना बाकी है।

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

टीएस सिंहदेव के जगदलपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। टीएस सिंहदेव के काफिले के साथ नारेबाजी करते रैली निकाली। इधर, स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से मुलाकात कर उन्हें कई निर्देश भी दिए हैं।

30 दिन में 4 नेताओं की मौत

छत्तीसगढ़ के बस्तर में पिछले 30 दिनों में अब तक 4 BJP नेताओं की हत्या हो चुकी है। इनमें 3 को नक्सलियों ने मारा है, जबकि एक संदिग्ध है। दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिले की सरहद पर माओवादियों ने रामधर अलामी को मारा। वहीं नारायणपुर के छोटे डोंगर में BJP के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की हत्या की। बीजापुर में नीलकंठ कक्केम को भी नक्सली ने मारा है।

16 को धरना प्रदर्शन

बस्तर में BJP नेताओं की हो रही हत्या और कांग्रेस सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ में भाजपा संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन करेगी। 16 फरवरी को जगदलपुर में BJP के इस धरना प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही रैली निकालकर जगदलपुर में IG ऑफिस का घेराव किया जाएगा। एक दिन पहले भी भाजपा के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बिलासपुर सांसद अरुण साव ने दो दिन पहले लोकसभा में BJP नेताओं की हत्या का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि, 30 दिनों में 4 भाजपा पदाधिकारियों की निर्मम हत्या की गई है। राज्य की कांग्रेस सरकार प्रदेश के लोगों की सुरक्षा में विफल साबित हो रही है। वहीं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आज भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप और बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पांडेय ने संभाग के सभी सातों जिले के भाजपा पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली।

7 दिन में तीसरे भाजपा नेता की हत्या

3 दिन पहले दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिले में इंद्रावती नदी पार माओवादियों ने पूर्व सरपंच और भाजपा मंडल कार्यसमिति के सदस्य की हत्या कर दी थी। पूर्व सरपंच का नाम रामधर अलामी है, जो पिछले 15 सालों से BJP में सक्रिय था। हत्या के बाद माओवादियों ने शव के पास पर्चे भी फेंके हैं। जिसमें पुलिस की मुखबिरी और बोधघाट परियोजना के संबंध में रुपए लेने की वजह से मौत की सजा देने की बात लिखी है। पिछले 7 दिनों में बस्तर के 3 BJP नेताओं की हत्या की गई है।

रामधर अलामी दंतेवाड़ा जिले के हितामेटा गांव का पूर्व सरपंच था। जो पारिवारिक कामों से इंद्रावती नदी के पार धुर नक्सल प्रभावित गांव मुरूमवाड़ा-थुलथुली गया हुआ था। जब माओवादियों को रामधर के बारे में पता चला तो इसी इलाके से शनिवार को उसका अपहरण कर लिए थे। जिसके बाद कुछ घंटे उसे अपने साथ रखे थे। फिर धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद माओवादियों ने BJP नेता का शव हिकुल गांव के जंगल में फेंक दिया।

नक्सलियों ने परिवार वालों के सामने ही नीलकंठ की पिटाई की थी। नीलकंठ कक्केम पिछले 30 सालों से राजनीति में सक्रिय थे। वे BJP के कद्दावर नेता थे। साथ ही करीब 15 सालों से उसूर मंडल अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

पिछले महीने बीजेपी जिला मंत्री की हुई थी मौत

भाजपा नेता और पूर्व सरपंच बुधराम करटाम की मौत सड़क हादसे में हुई थी। बीते 16 जनवरी को उनका शव घर से कुछ दूर मिला था। इसके बाद हादसा या हत्या इसे लेकर संशय बना हुआ था। अब पुलिस की जांच पूरी हो गई। एसआईटी का भी गठन किया गया था।

पुलिस अफसरों का कहना है कि पूर्व सरपंच की मौत सड़क हादसे में हुई थी। भाजपा नेता को सुबह टहलने के दौरान छोटा हाथी नाम की गाड़ी ने टक्कर मार दी थी जिससे उनकी मौत हो गई थी।

महीनेभर में 4 की मौत, 3 को नक्सलियों ने मारा

  • 16 जनवरी 2023 को भाजपा नेता और पूर्व सरपंच बुधराम करटाम की संदिग्ध हालत में मौत हुई थी। घर से कुछ दूरी पर ही BJP नेता का शव मिला घा। भाजपा ने इसे हत्या बताया था।
  • 5 फरवरी 2023 को बीजापुर जिले के आवापल्ली इलाके के एक अंदरूनी गांव में मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम को माओवादियों ने मारा था।
  • 10 फरवरी 2023 को नारायणपुर के छोटे डोंगर में BJP के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की गोली मारकर हत्या की गई।
  • 11 फरवरी की शाम रामधर की हत्या की गई।

BJP जिला उपाध्यक्ष का मर्डर

नारायणपुर जिले में 10 फरवरी शुक्रवार की रात माओवादियों ने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। माओवादियों की स्मॉल एक्शन टीम ने वारदात को अंजाम दिया था। बाइक पर सवार होकर 2 नक्सली उनके घर पहुंचे थे। जिन्होंने पहले दरवाजा खटखटाया।

सागर ने जब गेट खोला तो उन पर AK-47 से 2 गोलियां दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों माओवादी बाइक से जंगल की तरफ भाग निकले। पत्नी और बच्चों की चीख सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंच गए। जिन्होंने वारदात की जानकारी पुलिस को दी थी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष की हत्या

बीजापुर जिले में माओवादियों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम की 17 दिन पहले माओवादियों ने हत्या कर दी थी। नीलकंठ अपनी साली की शादी की तैयारी करने गांव गए हुए थे। वहां अचानक पहुंचे माओवादियों ने कुल्हाड़ी और चाकू से वार कर बीजेपी नेता की जान ले ली।

सोर्स :- “दैनिक भास्कर”                      

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *