• May 4, 2024 4:21 am

स्पीच लोकसभा में, फोकस चुनावी राज्यों पर-मोदी ने कहा- यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में विपक्ष के चलते कोरोना महामारी फैली

7 फरवरी 2022। वो जब दिन को रात कहे, तो तुरंत मान जाओ.. नहीं मानोगे तो, वो दिन में नकाब ओढ़ लेंगे… जरूरत हुई तो हकीकत को थोड़ा-बहुत मरोड़ लेंगे… वो मगरूर है खुद की समझ पर बेइंतहा… इन्हें आइना मत दिखाओ, वो आइने को भी तोड़ देंगे…

ये वो लाइनें हैं जो प्रधानमंत्री ने संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देते हुए विपक्ष पर तंज कसने के लिए इस्तेमाल कीं। मोदी सोमवार शाम 5.30 बजे लोकसभा में बोलने खड़े हुए। उन्होंने स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी। मोदी ने कहा कि उन्होंने देश को एक सूत्र में बांधा। उनके गीतों ने पूरे देश को प्रेरित किया।’ इसके बाद मोदी के निशाने पर विपक्ष और खासतौर पर कांग्रेस रही।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘देश में जब लॉकडाउन का पालन किया जा रहा था, सारे एक्सपर्ट कह रहे थे कि जो जहां हैं वहीं रहें, तब कांग्रेस के लोगों ने मुंबई के रेलवे स्टेशन पर मजदूरों को फ्री में टिकट दिया। लोगों से कहा कि तुम यूपी और बिहार के हो, जाओ वहां कोरोना फैलाओ। कांग्रेस ने ऐसा करके बड़ा पाप किया।’

मोदी ने कहा- दिल्ली में ऐसी सरकार है, जिसने कोरोना के दौरान माइक बांध कर ऐलान करवाया कि मजदूर अपने-अपने घर लौट जाएं।

मोदी ने कहा- दिल्ली में ऐसी सरकार है, जिसने कोरोना के दौरान माइक बांध कर ऐलान करवाया कि मजदूर अपने-अपने घर लौट जाएं।

दिल्ली सरकार पर भी मोदी का तंज
PM ने कहा- दिल्ली में ऐसी सरकार है, जिसने माइक बांध कर ऐलान करवाया कि सभी मजदूर घर जाएं। यूपी, उत्तराखंड, पंजाब में लोग कांग्रेस के पाप के कारण कोरोना की चपेट में आए।

विपक्ष को मोदी की नसीहत- अंधविरोध ठीक नहीं
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते दो साल से पूरी दुनिया 100 साल का सबसे बड़ा वैश्विक महामारी का संकट झेल रही है। इस कोरोना को भी दलगत राजनीति के लिए प्रयोग किया गया, ये मानवता के लिए सही नहीं है। मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उल्टी टोपी क्यों पहन रहे हैं। प्रधानमंत्री के बयान इस पर सदन में विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया।

मोदी ने कहा, ‘हम सब संस्कार से, व्यवहार से लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्ध लोग हैं और आज से नहीं, सदियों से हैं। ये भी सही है कि आलोचना जीवंत लोकतंत्र का आभूषण है, लेकिन अंध विरोध लोकतंत्र का अनादर है।’

विपक्ष के हंगामे पर मोदी ने कहा- आलोचना जीवंत लोकतंत्र का आभूषण है, लेकिन अंध विरोध लोकतंत्र का अनादर है।

विपक्ष के हंगामे पर मोदी ने कहा- आलोचना जीवंत लोकतंत्र का आभूषण है, लेकिन अंध विरोध लोकतंत्र का अनादर है।

PM ने अधीर रंजन चौधरी पर तंज कसा
प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान कांग्रेस की तरफ से टोका-टोकी शुरू हुई, तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने उन्हें रोका। इस पर PM ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘दादा उम्र के इस पड़ाव पर भी बचपन का मजा लेते हैं।’ इसके बाद दोबारा टोके जाने पर वे कांग्रेस लीडर अधीर रंजन चौधरी से बोले- आपने अपना CR सुधार लिया है। इस सत्र से आपको कोई नहीं निकालेगा। मैं आपको गारंटी देता हूं। इसके बाद वे अधीर रंजन चौधरी से बोले- ये एक पल मेरे बिना नहीं बीता पाते, इसके जवाब में अधीर रंजन ने कहा- मोदी प्रधानमंत्री हैं, इसलिए उन्हें याद किया जाता है।

संसद में मोदी के भाषण के मुख्य अंश..

  • इतिहास इस बात का गवाह है कि सेकेंड वर्ल्ड वार के बाद दुनियाभर में बदलाव आया। मैं साफ देख रहा हूं कि कोरोनाकाल के बाद विश्व नई व्यवस्था की ओर आगे बढ़ रहा है। यह एक टर्निंग पॉइंट है। इसे गंवाना ठीक नहीं। मुख्य धारा की लडाई में हमें खुद को कम नहीं आंकना चाहिए।
  • गरीबों के लिए रहने का घर हो, इसके लिए हमने प्रधानमंत्री आवास योजना को गति दी। आज गरीब भी लखपति की श्रेणी में है। देश के गांव खुले में शौच से मुक्त हो गए है। इस बारे में जानकर सभी देशवासियों को खुशी होगी। जनता के बीच जब लोग जाते हैं, तो सरकार का काम दिखता है। लेकिन कुछ लोगों की सुई अभी तक 2014 पर ही टिकी हुई है।
  • आजादी के इतने साल बाद गरीब के घर में रोशनी होती है, तो उसकी खुशियां देश की खुशियों को ताकत देती हैं। गरीब के घर में गैस का कनेक्शन हो, धुएं वाले चूल्हे से मुक्ति हो, तो उसका आनंद कुछ और ही होता है।
  • तमिलनाडु में 60 साल, पश्चिम बंगाल में 50 साल, ओडिशा में 27 साल और त्रिपुरा में 34 साल से कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई। इतने चुनाव हारने के बाद आपके अहंकार में कोई बदलाव नहीं आया है। कांग्रेस ने मन बना लिया है कि 100 साल तक सत्ता में नहीं आना है।
  • मेड इन इंडिया कोरोना वैक्सीन दुनिया में सबसे प्रभावी है, इसकी बदौलत भारत 100% वैक्सीनेशन की ओर बढ़ रहा है। अगर हम लोकल के लिए वोकल होने की बात कर रहे हैं तो क्या हम महात्मा गांधी के सपनों को पूरा नहीं कर रहे हैं? फिर विपक्ष द्वारा इसका मजाक क्यों उड़ाया जा रहा था? हमने योग और फिट इंडिया की बात की, लेकिन विपक्ष ने भी इसका मजाक उड़ाया।
  • भारत आयात पर निर्भर है और कोरोना की वजह से सप्लाई चेन चरमरा गई, लेकिन सरकार ने किसानों को दिक्कत नहीं होने दी। इसका इंतजाम किया कि कोरोनाकाल में इस देश में किसी को भूखा न रहना पड़े। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया और आज भी करा रहे हैं।
  • अगर गरीबी से मुक्ति चाहिए, तो छोटे किसानों को मजबूत बनाना होगा। ग्रामीण अर्थव्यस्था को सही करना है, तो छोटे किसानों को मजबूत करना होगा।
  • देश में एक ऐसा समुदाय है, जो आज भी गुलामी की मानसिकता में जी रहा है। उसे 19वीं सदी की मानसिकता और 20वीं सदी का कानून ही सही लगता है।मैं कहना चाहूंगा कि 19वीं सदी की मानसिकता और 20वीं सदी के कानून से 21वीं सदी की इच्छा पूर्ण नहीं की जा सकती हैा
  • पीएम मुद्रा योजना के तहत लाखों मां-बहनों को लाभ मिला है। 2014 से पहले 500 स्टार्टअप थे अब 60,000 स्टार्टअप केंद्र हैं। इनमें से कई यूनिकॉर्न लेवल पर पहुंच गए हैं। उद्यमी लोगों को कुछ लोग कोरोना का वैरिएंट बोल रहे हैं। अधीर की ओर इशारा करते हुए कहा- अंदर बोलिए, पार्टी को नुकसान हो रहा है।
  • मेक इन इंडिया हो नहीं सकता, ऐसा कहकर देश का मजाक उड़ाया गया। दरअसल मेक इन इंडिया मतलब है- कमीशन के रास्ते बंद, तिजोड़ी भरने का रास्ता बंद, भ्रष्टाचार करने का रास्ता बंद।

शाह ने ओवैसी से सुरक्षा लेने की अपील की

इससे पहले AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर UP में हुए हमले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में बयान दिया। शाह ने ओवैसी से सुरक्षा लेने की अपील की। शाह ने कहा, ‘मैं सदन के माध्यम से कहना चाहता हूं कि ओवैसी जी आप सुरक्षा ले लीजिए और हमारी चिंताओं का समाधान कीजिए।’ उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली और तेलंगाना पुलिस की सुरक्षा भी वे नहीं ले रहे हैं।

अमित शाह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। शाह ने आगे कहा कि सांसद ओवैसी का हापुड़ में न तो कोई कार्यक्रम था और ना ही उनके आने की कोई सूचना थी।’ शाह इसको लेकर लोकसभा में भी बयान देंगे। ओवैसी के काफिले पर 3 जनवरी को मेरठ-हापुड़ के बीच फायरिंग हुई थी।

PM मोदी राज्यसभा में भी बोलेंगे
संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा मंगलवार को भी जारी रहेगी। PM नरेंद्र मोदी मंगलवार को राज्यसभा में अपनी बात रखेंगे। भाजपा ने व्हिप जारी कर इस दौरान अपने सभी सांसदों को सदन में रहने को कहा है।

मोदी राहुल के आरोपों का जवाब दे सकते हैं
माना जा रहा है कि PM अपने जवाब में राहुल गांधी के आरोपों का जवाब भी दे सकते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि देश की अर्थव्यवस्था में डबल A वैरिएंट फैल रहा है। डबल A यानी अंबानी और अडाणी। उन्होंने कहा था कि दो हिन्दुस्तान बन रहे हैं, एक अमीरों का हिन्दुस्तान और दूसरा गरीबों का हिन्दुस्तान, इन दो हिन्दुस्तानों के बीच में खाई बढ़ती जा रही है। गरीब हिन्दुस्तान के पास आज रोजगार नहीं है। राष्ट्रपति के अभिभाषण में बेरोजगारी के बारे में एक भी शब्द नहीं था। उन्होंने कहा कि ये स्थिति पैदा कैसे हुई। ये दो हिंदुस्तान पैदा कैसे हुए?

दोनों सदनों में लता जी को श्रद्धांजलि
इससे पहले, दोनों सदनों में आज सुबह भारत रत्न लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी गई। राज्यसभा में सभापति एम वेंकैया नायडू ने शोक संदेश पढ़ा। लोकसभा को भी अध्यक्ष ओम बिरला के शोक संदेश पढ़ने के बाद सदन को स्थगित कर दिया। लताजी का रविवार को मुंबई में निधन हो गया था।

दो चरण में चलेगा बजट सत्र
इस बार संसद का बजट सत्र दो चरण में चलेगा। पहला चरण 31 जनवरी से 11 फरवरी तक और दूसरा चरण 14 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा। संसदीय मामलों की केंद्रीय समिति ने इसकी सिफारिश की थी। 12 फरवरी से एक महीने की छुट्टी रहेगी।

Source;-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *