06 दिसंबर 2022 | कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले प्रदेश प्रभारी बदल दिया है। पांच साल तक प्रदेश प्रभारी रहे पीएल पुनिया की जगह हरियाणा की तेजतर्रार नेत्री कुमारी सैलजा को प्रभारी बनाया गया है। सैलजा के प्रभारी बनने के बाद प्रदेश कांग्रेस का समीकरण अब बदल जाएगा। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो पुनिया के प्रभाव के कारण दर्जनों नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली थी, अब बदलाव की बात हो रही है। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले पुनिया को प्रभारी बनाया गया था। पुनिया के प्रभारी बनने के बाद हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली और 15 साल बाद सत्ता में वापसी हुई। अब नए प्रभारी के सामने पिछले परफार्मेंस को दोहराने का दबाव रहेगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मानें तो राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मोहन मरकाम को फिर जिम्मेदारी मिल सकती है। कांग्रेस संगठन ने प्रदेश अध्यक्ष के चयन का अधिकार केंद्रीय नेतृत्व को सौंपा था। मरकाम की वापसी के बाद प्रदेश संगठन में चुनाव की दृष्टि से एक बार फिर बदलाव होगा। साथ ही उन जिलाध्यक्षों को भी बाहर किया जाएगा, जो विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में पुनिया के कृपापात्र नेताओं की छुट्टी तय मानी जा रही है। कांग्रेस के जोधपुर अधिवेशन में तय किया गया था कि एक नेता एक पद का सिद्धांत पार्टी में लागू होगा। इस फार्मूले पर प्रदेश संगठन के पांच नेता आ रहे हैं, जिनके स्थान पर नए नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रदेश कार्यकारिणी की औसत उम्र 50 वर्ष करने पर भी विचार चल रहा है।
सीएम बोले-अनुभव का मिलेगा लाभ
कुमारी सैलजा के प्रदेश प्रभारी बनने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बधाई दी है। मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट करके कहा कि हम कांग्रेस कार्यकर्ता आपका स्वागत करते हैं। हम सको विश्वास है कि आपके अनुभव और कुशल नेतृत्व का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पीएल पुनिया को धन्यवाद दिया और कहा कि हम सबने आपके नेतृत्व में बहुत कुछ सीखा है।
ईमानदारी और मेहनत से निभाऊंगी जिम्मेदारी: सैलजा
नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि वह पूरी ईमानदारी और मेहनत से जिम्मेदारी निभाऊंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वह पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए लगातार कार्य करती रहेंगी।
अंतरकलह रोक नहीं पाए पुनिया
प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को हटाने के बाद भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत ने कहा कि पार्टी की आंतरिक कलह और गुटबाजी को रोक पाने में असफल होने के कारण पुनिया को पद से हटाया गया है। पुनिया के निर्देशों का पालन नहीं हो रहा था। सीएम और पुनिया के बीच लगातार विवाद की स्थिति पैदा हो रही थी। इस अंतरकलह के बीच नई प्रभारी कुछ पाएंगी, यह असंभव लग रहा है।
सोर्स :-“नईदुनिया”
