• June 7, 2026 12:35 am

मानसून से पहले गर्मी का सितम; सीतामढ़ी, चंपारण समेत 10 जिलों में बारिश देगी राहत

Share More

12 जून 2022 | बिहार में मानसून के आने से पहले हीट वेव से मौत का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 3 जिलों में हीट वेव से अलर्ट किया है। वहीं दूसरी तरफ राज्य के 10 जिलों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है की राज्य में पूर्वी और पश्चिमी हवा के प्रभाव के कारण अलग अलग मौसम बन रहा है। हालांकि, अब मानसून आने की स्थितियां भी साफ हो रही हैं। 14 से 15 के बीच मानसून आने की बात कही जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के दक्षिणी भाग में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह हो रहा है, जबकि उत्तर बिहार में पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी हवा का प्रवाह हो रहा है। राज्य में दो तरह की हवा का प्रवाह होने से मौसम भी दो तरह का हो गया हैं। मौसम विभाग का कहना है, दो तरह की हवा से कही बहुत गर्मी तो कहीं बारिश का अलर्ट है। वहीं पटना में भी 2 दिन गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है।

उत्तर प्रदेश का कनेक्शन

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बने चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बिहार को प्रभावित कर रहा है। परिसंचरण के क्षेत्र से होकर बिहार की तरफ से गुजर रही एक ट्रफ रेखा असर दिखा रही है। इस कारण से बारिश का माहौल तैयार हो रहा है। इससे राज्य का उत्तरी भाग प्रभावित हो रहा है। मानसून आने तक यूपी का कनेक्शन ही बारिश का माहौल बनाएगा।

जानिए, कहा लू का खतरा, कहा- बारिश की आफत

मौसम विभाग ने राज्य के तराई से सटे जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया में अगले 24 घंटे तक एक या दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने के साथ गरज व हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने राज्य के कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में दो दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। यहां तापमान तो 45 डिग्री के पार होगा ही साथ ही साथ मौत का खतरा भी लू के कारण हो सकता है। दो दिनों तक लोगों को पूरी तरह से अलर्ट रहने को कहा गया है।

सोर्स ;- ‘’दैनिक भास्कर’’


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *