Panchayat 3 की रिलीज डेट का इंतजार पूरा मुल्क कर रहा था. कई महीनों से इस सीरीज का तीसरा सीजन टल रहा था. हर बार रिलीज डेट की खबर चलती, लेकिन फिर इसे नकार दिया जाता. इस बार वाली खबर पक्की है क्योंकि इसकी अनाउंसमेंट खुद प्राइम वीडियो ने की है. इसके अनुसार Panchayat 3 को 28 मई को रिलीज किया जाएगा.
रिलीज डेट अनाउंस करने के लिए मेकर्स ने अभियान चलाया था. इसके तहत जनता को जाकर लौकी हटानी थी. उनका वादा था कि जब पूरी लौकी हट जाएंगी, वो रिलीज डेट की घोषणा कर देंगे. दरअसल प्राइम ने दो दिन पहले एक वीडियो शेयर किया. इसमें बताया गया था कि, अगर आपको भी पंचायत 3 की रिलीज डेट जाननी है तो panchayat3date.com वेबसाइट पर जाकर लौकी हटाएं. इस लौकीदार चैलेंज के बाद अब आखिरकार प्राइम ने रिलीज डेट अनाउंस कर दी है.
पंचायत का सफर 2020 में शुरू हुआ था. यानी पहला सीजन 2020 में आया. TVF की इस सीरीज का दूसरा सीजन मई 2022 में रिलीज किया गया. पहला सीजन पॉपुलर तो हुआ था, लेकिन दूसरे सीजन ने अलग तहलका मचाया. इसके बाद से जनता तीसरे का वेट कर रही थी. पहले इसके जनवरी में रिलीज होने की खबरे थीं. रिलीज डेट 15 जनवरी बताई गई. किसी कारणवक्ष इसे आगे खिसका दिया गया.
फिर IPL और चुनाव के चक्कर में मेकर्स ने इसकी रिलीज रोककर रखी. ‘पंचायत 3’ कब आएगी, इस यक्ष प्रश्न का जवाब अब मिल गया है. डेट नोट कर लीजिए. 28 मई को सचिव जी, प्रधान जी, उप प्रधान जी और विकास आपके दरवाजे पर दस्तक देने आ रहे हैं.
