15 जून 2022 | गुना के लालोनी ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से सरपंच को चुना। यहां मंदिर निर्माण में जिस प्रत्याशी ने ज्यादा रुपये की बोली लगाई उसे गांववालों ने निर्विरोध सरपंच चुन लिया।
गुना जिले की लालोनी ग्राम पंचायत में सरपंच चुनने के लिए ग्रामीणों ने एक अनोखा तरीका अपनाया। गांव में सरपंच पद के लिए दो महिला प्रत्याशियों ने दावेदारी रखी थी, जिस पर ग्रामीणों ने उनके सामने एक अनूठी शर्त रखी और शर्त जीतने वाली महिला को निर्विरोध सरपंच चुना।
दरअसल, ग्रामीण गांव में कृष्ण भगवान के मंदिर का निर्माण कराने चाहते थे, ग्रामीणों का मानना था कि चुनाव निर्विरोध हो जाएं और गांव में भगवान का मंदिर भी बन जाए, इसके लिए ग्रामीणों ने दोनों महिला उम्मीदवारों के सामने मंदिर निर्माण में चंदा देने की बात कही, जिस उम्मीदवार ने ज्यादा चंदा देने की बोली लगाई उसे सभी ने सरपंच चुन लिया।
सरपंच पद के लिए दो महिला उम्मीदवार कांति और श्यामा मैदान में थीं। पंचायत के जरिए सारी रूपरेखा तय की गई। कृष्ण मंदिर निर्माण के लिए सरपंच पद की प्रत्याशी कांतिबाई मीना (69) ने 23 लाख की बोली लगाई वहीं उनकी प्रतिद्वंदी ने 22 लाख रुपये की बोली लगाई। इस तरह कांति बाई को सबसे ज्यादा बोली लगाने पर निर्विरोध सरपंच चुना गया। गांववालों ने सरपंच के साथ ही 13 पंच पदों पर भी महिलाओं को निर्विरोध चुना। ग्राम पंचायत के निर्विरोध चुने जाने के साथ ही यह पिंक पंचायत बन गई। वहीं, निर्विरोध चुने जाने पर पंचायत को 15 लाख रुपये की राशि शासन की ओर से मिलेगी।
लालोनी बनी पिंक पंचायत
गुना से लगभग 45 किमी बमोरी की लालोनी ग्राम पंचायत में 1320 मतदाता हैं। इस बार यहां सरपंच पद OBC महिला के लिए आरक्षित है। वहीं, 13 पंच पदों में से 3 आदिवासी और 10 OBC के लिए आरक्षित थे। लालोनी पंचायत में मंदिर बनाने के लिए नीलामी में दो महिलाओं के परिजनों ने भाग लिया था। ज्यादा बोली लगाने वाले प्रत्याशी को सरपंच चुन लिया गया। बाकी सभी ने फॉर्म जमा ही नहीं किए।
सरपंच पद के लिए बोली लगाने की रूपरेखा पूर्व सरपंच हरगोविंद मीना ने की थी। हरगोविंद लालोनी के लंबे समय तक सरपंच थे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण काफी सालों से गांव में कृष्ण मंदिर का निर्माण कराना चाहते थे। मंदिर निर्माण का कार्य सरलता से हो इसलिए सभी ने मिलकर फैसला किया और सरपंच पद को नीलाम करने की योजना बनाई।
23 लाख रुपये से होगा भव्य मंदिर निर्माण
पूर्व सरपंच हरगोविंद मीना ने बताया कि सरपंच पद की नीलामी में मिले 23 लाख रुपये से भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। मंदिर का प्रोजेक्ट काफी बड़ा है, मंदिर करीब 5 बीघा जमीन में बनेगा। मंदिर निर्माण के लिए जमीन मिल गई है। निर्विरोध पंचायत चुने जाने पर जो राशि शासन की ओर से मिलेगी वह भी मंदिर में सीसी रोड बनाने में लगाई जाएगी। समाज के लोगों से भी चंदा इकट्ठा किया जा रहा है। मंदिर के साथ ही एक गौशाला का निर्माण भी किया जाएगा।
ये महिलाएं बनीं सरपंच और पंच
कांतिबाई मीना- सरपंच, सावित्री अहिरवार- पंच वार्ड 1, सुमन मीना- पंच वार्ड 2, रामी मीना- पंच वार्ड 3, सीता मीना- पंच वार्ड 4, मांगी मीना- पंच वार्ड 5, सुनीता मीना- पंच वार्ड 6, ममता मीना- पंच वार्ड 7, अनिता किरार- पंच वार्ड 8, ममता मीना- पंच वार्ड 9, प्रेम मीना- पंच वार्ड 10, पाना सहरिया- पंच वार्ड 11, अनीता सहरिया- पंच वार्ड 12 और संगीता मीना- पंच वार्ड 13।
सोर्स ;-“अमर उजाला”
