• June 7, 2026 7:52 am

छत्‍तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, रायपुर सहित कई जिलों में बारिश से तापमान गिरा

Share More

26 मई 2022 | छत्‍तीसगढ़ में गुरुवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह से आसमान में धूप-छांव का खेल जारी था। दोपहर तक तेज हवा चलने से गर्मी से कुछ राहत मिली। लेकिन दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और झमाझम बारिश हुई। जिससे मौसम काफी ठंडा हो गया। तापमान में भी दो-तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान एक बार फिर सही साबित हुआ। मौसम विभाग ने आज बारिश की संभावना जताई थी।

खबरों के अनुसार रायपुर के अलावा प्रदेश के दूसरे जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इससे पहले नौतपा के प्रथम दिन बुधवार को सूर्यदेव का प्रचंड रूप नहीं दिखा। द्रोणिका के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला है और इसके चलते प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मंगलवार की रात बारिश हुई। बुधवार को भी हल्की बारिश और आंशिक रूप से बादल छाए रहने से नौतपा का पहला दिन कम तपा।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ेंगे। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और नौतपा पिछले वर्षों की तुलना में कम तपाएगा।

मौसम का मिजाज बदलने से बुधवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार दुर्ग का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस वर्ष राज्य में मानसून समय से चार दिन पहले प्रवेश कर सकता है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा दक्षिण ओडिश्ाा और उसके आसपास स्थित है। एक द्रोणिका बिहार से उत्तर आंध्र प्रदेश तक है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के साथ ही गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ भी चल सकता है।

कोंडागांव में चार सेमी, मनोरा-भैयाथान में तीन सेमी, कुनकुरी-जशपुर-तपकरा में दो सेमी, ओड़गी-बस्तर में एक सेमी वर्षा दर्ज की गई। इन क्षेत्रों के साथ ही बहुत से क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है।

यह रहा तापमान

रायपुर 40.2 26.1

बिलासपुर 39.5 24.0

दुर्ग 38.6 25.6

जगदलपुर 37.6 23.0

अंबिकापुर 36.4 20.7

पेन्ड्रा 36.2 19.0

(अधिकतम व न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *