07 फ़रवरी 2023 | हरियाणा के बजट को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंथन शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ में CM ने अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ प्री बजट चर्चा की। इस दौरान 2022 में बजट को लेकर की गई घोषणाओं पर भी मंत्रियों ने मंथन किया। बजट को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा है कि हरियाणा सरकार आर्थिक सीमाओं को ध्यान में रखकर बजट बनाएगी।
प्री-बजट में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अमृत काल का पहला बजट केंद्र सरकार ने पेश किया है, उसी तर्ज पर हरियाणा अपना पहला अमृत काल का बजट पेश करेगा। आर्थिक सीमाओं को ध्यान में रखकर सरकार बजट बना रही है। अंत्योदय की भावना को ध्यान में रखकर आखिरी व्यक्ति के लिए सरकार इस बार बजट पेश करेगी।
शाम को विधायकों से करेंगे चर्चा
हरियाणा के 2023-24 वित्तीय वर्ष के बजट को लेकर हरियाणा के सीएम शाम को विधायकों से चर्चा करेंगे। बजट को लेकर होने वाली इस अहम मीटिंग में सीएम विधायकों से राय शुमारी करेंगे। साथ ही योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर भी बात करेंगे। इससे पहले हरियाणा के सीएम राज्य के उद्योगपतियों से बजट को लेकर बैठक कर चुके हैं।
किस मंत्री ने क्या रखी मांग
हरियाणा की प्री बजट मीटिंग में मंत्रियों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने अपनी अपनी मांगे रखीं। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि उनके द्वारा बजट मीटिंग में किसानों के हित में संचालित होने वाली योजनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने पिछले वर्ष के मुकाबले इस वित्तीय वर्ष में कृषि क्षेत्र को ज्यादा बजट दिए जाने की मांग की।
नई बसें खरीदने का रखा प्रस्ताव
हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया कि मीटिंग में उनके द्वारा नई बसों को खरीदने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने बताया कि काफी समय से बसों को खरीदने को लेकर चालक-परिचालक मांग कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री अपने बजट में परिवहन विभाग को पर्याप्त बजट उपलब्ध कराएंगे।
काम पर लगे हैं सरपंच
हरियाणा के पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य में पढ़ी लिखी पंचायतें आई हैं, इस कारण से गांवों के विकास को लेकर मुख्यमंत्री से अधिक बजट दिए जाने की मांग करेंगे। सरपंचों के विरोध को लेकर देवेंद्र बबली ने कहा कि सभी सरपंच काम पर लगे हुए हैं।
