13 अप्रैल 2022 | भाजपा महासचिव और राजस्थान-कर्नाटक के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने साफ किया है कि राजस्थान में अगले साल होने वाले चुनाव के लिए पार्टी का सीएम चेहरा पार्लियामेंट्री बोर्ड तय करेगा। हिमाचल प्रदेश में सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी को यूटर्न विचारधारा वाली पार्टी बताया तो राजस्थान में बीजेपी सरकार की वापसी पर गहलोत सरकार के कार्यकाल में हुए तमाम घोटालों की जांच कराने की बात कही।
दैनिक भास्कर ने राजस्थान से लेकर कर्नाटक तक के तमाम मुद्दों पर बीजेपी महासचिव अरुण सिंह से बातचीत की। आप भी पढ़िए…
सवाल: राजस्थान के चुनाव में बीजेपी का सीएम चेहरा कौन होगा?
जवाब: बीजेपी में सीएम पद उम्मीदवार या सीएम फेस पार्लियामेंट्री बोर्ड तय करता है। लाखों कार्यकर्ता खुद अपने चेहरे पर चुनाव लड़ते हैं। कई राज्यों में पार्टी ने चेहरा घोषित किया, वहीं कई राज्यों में ऐसा नहीं किया है। 2017 में यूपी और उत्तराखंड के चुनाव में पार्टी ने कोई चेहरा घोषित नहीं किया था। वहीं 2022 में पार्टी ने चेहरा सामने रखकर चुनाव लड़ा और ऐतिहासिक जीत हासिल की। बीजेपी के लिए कमल से बढ़िया चेहरा क्या हो सकता है?
सवाल: पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को सीएम फेस बनाने की मांग उठ रही है। पार्टी क्या सोचती है?
जवाब: वसुंधरा राजे दो बार मुख्यमंत्री रही हैं। प्रदेश में वो लंबे वक्त से काम करती रही हैं और लोकप्रिय नेता हैं। लेकिन सभी कार्यकर्ता पार्टी की रीति और नीति को जानते हैं कि सीएम चेहरे का ऐलान पार्टी का संसदीय बोर्ड ही करता है।
सवाल: 2023 में होनेवाले राजस्थान चुनाव की कैसे तैयारी कर रहे हैं?
जवाब: संगठन को हर स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। बूथ तक समितियां बनाई जा रही हैं और सम्मेलन की योजना है। दूसरी तरफ जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन करना है, क्योंकि राजस्थान की गहलोत सरकार से लोग नाराज हैं। हमें पूरा भरोसा है कि इस बार बीजेपी तीन चौथाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
सवाल: राजस्थान बीजेपी में गुटबाजी पर क्या कहेंगे?
जवाब: राजस्थान बीजेपी में कोई गुटबाजी नहीं है। जब भी कहीं कई लोग काम करते हैं तो मतभेद होते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होता।
सवाल: हिमाचल उपचुनाव में बीजेपी हारी थी। क्या पार्टी वहां सीएम चेहरा बदलने जा रही है?
जवाब: नहीं। हम कोई बदलाव नहीं करने जा रहे। जयराम ठाकुर ही वहां मुख्यमंत्री रहेंगे और हम उनके चेहरे पर ही चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
सवाल: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के बाद पंजाब में भी सरकार बना ली है। AAP के ग्रोथ को कैसे देखते हैं?
जवाब: पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश, गोवा और उत्तराखंड में ज्यादातर जगहों पर आम आदमी पार्टी की जमानत जब्त हो गई है। अब वे हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं। वहीं AAP के प्रदेश अध्यक्ष और दूसरे बड़े नेता बीजेपी जॉइन कर रहे हैं। पार्टी ऐसे नहीं चलती है। पार्टी की विचारधारा होनी चाहिए और नेता के पास विजन होना चाहिए। AAP का कोई विस्तार नहीं होने वाला, ये यूटर्न लेने वाले लोग हैं और लोगों को गुमराह करते हैं।
सवाल: दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने हिमाचल AAP प्रदेश अध्यक्ष को चरित्रहीन बता दिया?
जवाब: ये एकदम झूठे लोग हैं। जो शख्स 7 साल तक AAP के प्रदेश अध्यक्ष बने हुए थे, तब तक ठीक थे। लेकिन जैसे ही पार्टी छोड़ी, वो चरित्रहीन हो गए। वह अब सिसोदिया पर केस करने वाले हैं।
’Source;- ‘’दैनिक भास्कर’
