• June 6, 2026 12:49 am

28 जोनल मजिस्ट्रेट की होगी निगरानी, मोबाइल के साथ पकड़े गए तो कभी नहीं दे पाएंगे UPSC एग्जाम

Share More

04 जून 2022 | कोरोना काल के बाद पहली बार UPSC की परीक्षा मास्क फ्री होने जा रही है। परीक्षार्थियों को मास्क का टेंशन नहीं होगा। पटना में 90 सेंटर पर परीक्षा की तैयारी की गई है। निगरानी के लिए 28 जोनल मजिस्ट्रेट के साथ अधिक संख्या में पुलिस बल लगाया गया है। इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स को लेकर विशेष सख्ती है, जिसके लिए सीसीटीवी कैमरा के साथ जैमर भी लगाए गए हैं। सेंटर की निगरानी के लिए डीएम ने आदेश जारी कर दिया है। शनिवार से ही मजिस्ट्रेट की निगरानी होगी। मास्क और सैनेटाइजर को लेकर इस बार कोई सख्ती नहीं है, इससे परीक्षार्थियों को कोई अतिरिक्त तनाव नहीं होगा।

कानून व्यवस्था से लेकर ट्रैफिक की तैयारी

रविवार को होने वाली सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2022 को लेकर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति शुक्रवार को ही कर दी गई है। पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि ने परीक्षा को लेकर निर्देश जारी किया है। स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा कराने को लेकर जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है। पटना में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों के साथ आयुक्त ने बैठक में नकल विहीन परीक्षा कराने की रणनीति बनाई है। कानून व्यवस्था के लिए तथा भीड़ को लेकर केन्द्रवार स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों, स्टैटिक दण्डाधिकारियों-सह-सहायक पर्यवेक्षकों, जोनल दंडाधिकारियों-सह-सहायक समन्वय पर्यवेक्षकों, सुरक्षित दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी संघ लोक सेवा आयोग की गाइडलाइन पर काम करेंगे। परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था को लेकर व्यवस्था यातायात पुलिस अधीक्षक ने प्लान तैयार किया है।

पटना में 90 सेंटर पर परीक्षा

पटना में सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2022 5 जून को 90 सेंटर पर दो पालियों में होगी। परीक्षा को लेकर केंद्रवार 90 स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों, 90 सहायक पर्यवेक्षकों, 28 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सुरक्षित मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ पुलिस बल को भी लगाया गया है। आयुक्त के साथ डीएम और एसएसपी ने परीक्षा को लेकर लगाए गए कर्मियों को ब्रीफ किया है। परीक्षा खत्म होते ही दोनो पालियों के ओएमआर सीट को सुरक्षित और ससमय आयोग को भेजने के लिए डाक विभाग द्वारा विशेष तैयारी की गई है। परीक्षा में लगाए गए सभी स्थानीय निरीक्षण अधिकारी, संघ लोक सेवा आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरु होने के निर्धारित समय से दो घंटा पहले पहुंच जाएंगे।

इलेक्ट्रानिक्स गैजेट्स को लेकर सख्ती

परीक्षा हॉल या परीक्षा केन्द्र के परिसर में मोबाइल फोन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। परीक्षा में किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, पेजर, आईटी गैजेटस, ब्लूटुथ एवं अन्य प्रकार के किसी भी संवाद उपकरण को नहीं ले जाने दिया जाएगा। ऐसे उपकरण के साथ पकड़े जाने पर संबंधित परीक्षार्थी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भविष्य में आयोग द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षाओं से वंचित कर दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र में पर्यवेक्षक, सहायक पर्यवेक्षक, वीक्षक एवं परीक्षा से जुड़े कर्मी को भी परीक्षा हॉल, कमरे में मोबाइल फोन या अन्य प्रकार के किसी संवाद उपकरण को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है।

10 मिनट पहले हाेगा प्रवेश

किसी भी परीक्षार्थी को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा शुरु होने के निर्धारित समय से 10 मिनट पहले यानि प्रथम पाली 9.20 बजे सुबह एवं द्वितीय पाली में 2.20 बजे दोपहर के बाद परीक्षा केंद्र के परिसर में प्रवेश की एवं उपस्थित परीक्षार्थी को परीक्षा समाप्ति के पूर्व परीक्षा हॉल या कमरा छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। सभी स्थानीय निरीक्षण अधिकारी अपने-अपने परीक्षा उपकेन्द्र पर प्रत्येक पाली की उपस्थित और अनुपस्थित परीक्षार्थियों की कुल संख्या की सूचना आयुक्त कार्यालय पटना प्रमंडल में बनाए गए कंट्रोल रूम 0612-2219205/2233578 पर परीक्षा शुरु होने के 30 मिनट के अंदर निश्चित रूप से दे देंगे। फिर इसकी सूचना संघ लोक सेवा आयोगको दी जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए श्रम अधीक्षक, पटना-सह-अपर प्रभारी, जिला नियंत्रण कक्ष मनीष कुमार को जिम्म्मेदारी दी गई है।

Source;- ‘’दैनिक भास्कर’’         


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *