30 अगस्त 2022 | छत्तीसगढ़ का पारंपरिक लोक पर्व तीजा (हरितालिका तीज) सोमवार से प्रारंभ हो गया। शाम को महिलाओं ने घर-घर जाकर कडु भात खाया। आज 24 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगे। कडु भात खाने से पहले बलौदाबाजार के सब्जी बाजार में करेले का भाव डबल हो गया है। सप्ताह भर पहले जो करेला 30 से 35 रुपए बिक रहा था वह सोमवार को 60 से 70 रुपए तक बिका।
भाद्रपद शुक्लपक्ष की तृतीया तिथि मंगलवार को है, जिसे हरितालिका व्रत कहा जाता है। इस तिथि पर सुहागवती महिलाएं और युवतियां निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव-पार्वती का पूजन करेंगी। सुहागिनें पति की लम्बी उम्र की कामना करेंगी तो युवतियॉ अच्छे पति के लिए व्रत करेंगी। लोग इसकी तैयारियों मेें जुटे हैं। इसमें महिलाएं तीजा मनाने अपने-अपने साधनों बसों और ट्रेन से अपने मायके पहुंच रही हैं। बसों में भीड़ रही।
बाजार में तिजहारिनों की भीड़ से ग्राहकी बढ़ी
तीजा पर्व को लेकर महिलाओं में इस साल खासा उत्साह है। बाजार में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। कोविड-19 महामारी के कारण विगत दो वर्षों से बाजार में ज्यादा चहल-पहल नहीं था लेकिन इस साल महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रही है। खासकर ज्वेलरी और रेडीमेड साड़ी की दुकानों में भीड़ अधिक है।
इस बार पूजन के लिए ये रहेंगे शुभ मुहूर्त
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि सोमवार, 29 अगस्त को दोपहर 03.20 से शुरू हो गया है इसका समापन आज मंगलवार 30 अगस्त को दोपहर 03.33 पर होगा। हरतालिका तीज के दिन पूजा का पहला शुभ मुहूर्त सुबह 06.05 पर है। यह योग सुबह 8.38 तक रहेगा। शाम को तीज की पूजा का मुहूर्त 06.33 मिनट से लेकर रात 08.51 तक रहेगा। तीज व्रत का पारण 31 अगस्त को किया जाएगा।
सोर्स :- “दैनिक भास्कर”
