30 मार्च 2022 | दुनिया में 40 साल और इससे कम उम्र के 87 ऐसे अरबपति हैं, जिन्होंने अपने दम पर यह दौलत कमाई है। बीते एक साल में इनकी संख्या में 8 नाम और जुड़े हैं और पांच साल में संख्या लगभग दोगुनी हो चुकी है। हुरुन और शंघाई की कंपनी हाईविन वेल्थ की ओर से हाल में जारी सूची से यह जानकारी सामने आई।
हुरुन ग्लोबल फोर्टी एंड अंडर सेल्फ-मेड बिलियनेयरीज-2022 सूची के मुताबिक इसमें 37 अरबपतियों के साथ अमेरिका शीर्ष पर है। इसके बाद 25 अरबपतियों के साथ चीन दूसरे नंबर पर है। आठ अरबपतियों के साथ ब्रिटेन भारत को पछाड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इसने लिस्ट में तीन पायदान का सुधार किया।
एक साल में अमेरिका में छह और ब्रिटेन में पांच अरबपति बढ़े हैं, जबकि चीन में संख्या पांच कम हुई है। वहीं, भारत छह अरबपतियों के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर है। बीते एक साल में भारत में दो अरबपति बढ़े हैं।
जकरबर्ग शीर्ष पर
बीते एक साल में 1.90 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति गंवाने के बावजूद फेसबुक के 37 साल के संस्थापक मार्क जकरबर्ग 5.80 लाख करोड़ नेटवर्थ के साथ शीर्ष पर हैं। टिकटॉक के फाउंडर 39 वर्षीय झांग यिमिंग 4.12 लाख करोड़ रु. नेटवर्थ के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
Source :- “देनिक भास्कर”
