• April 30, 2024 11:28 pm

भवानीपुर उपचुनाव – TMC का दावा- ममता को 50 हज़ार वोटों से मिलेगी जीत, BJP को भी कामयाबी की उम्मीद

ByPrompt Times

Oct 2, 2021

02 अक्टूबर 2021 | भवानीपुर विधानसभा सीट के परिणाम को लेकर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। टीएमसी के साथ भाजपा भी अपनी जीत का दावा कर रही है। तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि ममता बनर्जी को यहां 50 हजार वोटों से जीत मिलेगी। बंगाल की हाई प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान के बाद अब सबकी निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकीं है। यहां के चुनावी अखाड़े में किस्मत आजमा रहीं राज्य की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी के लिए यह उपचुनाव बेहद ही अहम है क्योंकि मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए उन्हें यहां से हर हाल में जीतना होगा। 30 सितंबर को यहां वोटिंग हुई थी और रविवार को चुनाव नतीजे घोषित किए जाएंगे। टीएमसी के साथ राज्य में मुख्य विपक्षी भाजपा दोनों यहां से अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं। तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि ममता को यहां 50 हज़ार वोटों से जीत मिलेगी।

उधर, भाजपा भी मैदान मारने का दावा कर रही है। भाजपा ने ममता के खिलाफ प्रियंका टिबड़ेवाल को मैदान में उतारा है। पिछले एक महीने में लगभग हर दिन ममता बनर्जी के लिए प्रचार करने वाले कैबिनेट मंत्री और टीएमसी के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम ने कहा, हमें पूरा विश्वास है कि ममता दीदी 50,000 से अधिक वोटों से जीतेंगी।

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, भवानीपुर में भाजपा बहुत अच्छी टक्कर देगी। उन्होंने पार्टी की जीत की उम्मीद जताई। साथ ही कहा कि अगर चुनाव परिणाम के बाद कोई हिंसा होती है तो राज्य सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी, नहीं तो सीबीआइ जांच के लिए है। दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली है। रविवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना के लिए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Source :- जागरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *