• May 15, 2024 10:26 pm

सऊदी अरब के बाद अब सहारा रेगिस्तान में बर्फबारी-PHOTOS में देखिए नजारा; पिछले 42 साल में 5वीं बार गिरी बर्फ, टेम्प्रेचर भी माइनस 2 डिग्री तक पहुंचा

20 जनवरी 2022 | अफ्रीका के सहारा रेगिस्तान का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले अल्जीरिया के आईन सेफरा में रेत के टीलों पर बर्फबारी का अद्भुत नजारा देखने को मिला है। सहारा रेगिस्तान में पिछले 42 साल में ये पांचवीं बार है, जब यहां बर्फबारी दर्ज की गई है। इसमें भी पिछले 6 साल में ही चार बार बर्फबारी हो चुकी है। इससे पहले यहां पर 1979, 2016, 2018 और 2021 में ही बर्फबारी का रिकॉर्ड है। मंगलवार को हुई बर्फबारी के बाद दुनिया के इस सबसे गर्म रेगिस्तानी इलाके का न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री तक गिर गया है।

माैसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अल्जीरिया में इन दिनों ठंडी हवाओं के कारण दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इससे बर्फबारी हुई है। वैसे सहारा के रेगिस्तान में गर्मियों के दौरान पारा 58 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।

अगले 1500 साल में हरा-भरा हो जाएगा सहारा रेगिस्तान
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 1500 साल में सहारा का रेगिस्तान हरा-भरा हो जाएगा। ऐसा इसलिए होगा, क्योंकि धरती इस दौरान अपनी धुरी 22 से 24.5 डिग्री तक झ़ुक जाएगी। सहारा रेगिस्तान 36 लाख वर्ग किलोमीटर के क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इसका आकार लगभग चीन के क्षेत्रफल के बराबर है।

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, एटलस पर्वत से घिरे इस इलाके में तापमान साल के इस महीने में रहने वाले औसत तापमान से बेहद कम पहुंच गया है। BBC के वेदर एक्सपर्ट निक बेरी के मुताबिक, पिछली 3 रात के दौरान तापमान माइनस 2 डिग्री तक रहा है, जो बेहद अनूठा है।

2016 में बर्फबारी देखकर सदमे में आ गए थे लोग
वैसे तो यहां पहले भी बर्फ पड़ती रही है, लेकिन साल 2016 में यहां हुई बर्फबारी देखकर पहले स्थानीय निवासी सदमे में आ गए थे। यहां उससे पहले आखिरी बार साल 1979 में बर्फबारी हुई थी, जब युवा पीढ़ी पैदा नहीं हुई थी और मौजूदा ज्यादातर बुजुर्ग अपने बचपन के दिनों में थे। इतने साल बाद बर्फबारी को किसी नेचुरल थ्रेट के तौर पर लिया गया था।

नए साल के पहले दिन सऊदी अरब में हुई थी बर्फबारी
इस साल के पहले दिन रेगिस्तानी खाड़ी देश सऊदी अरब के उत्तर-पश्चिमी शहर ताबुक में भी बर्फ़बारी हुई थी। ताबुक क्षेत्र के पास अल-लॉज़ पर्वत पर लोगों ने इस बर्फ़बारी का जमकर आनंद लिया था।

Source;-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *