• June 9, 2026 4:51 am

शुभकरण के परिवार को एक करोड़ रुपये-सरकारी नौकरी का एलान, किसान नेताओं पर नहीं लगेगा रासुका

ByPrompt Times

Feb 23, 2024 ##Farmer
Share More

जींद की खनौरी सीमा पर किसान शुभकरण सिंह की मौत के विरोध में किसान आज काला दिवस मनाएंगे। गुरुवार को बॉर्डरों पर दिन भर शांति रही। सोमवार (26 मार्च) को देशभर के राजमार्गों पर ट्रैक्टर आक्रोश रैली निकालने और 14 मार्च को दिल्ली में किसान-मजदूर महापंचायत का एलान किया गया है।

हिसार से किसान खनौरी बॉर्डर कूच करने पर अड़े, प्रशासन अलर्ट

हिसार के खेड़ी चौपटा के पक्के मोर्चे पर किसानों ने दोपहर 2 बजे के बाद खनौरी बॉर्डर की ओर कूच करने का एलान किया है। इस एलान को लेकर प्रशासन ने वीरवार को किसानों से बातचीत की थी जिसमें समाधान नहीं निकल सका था। किसान खनौरी बॉर्डर पर जाने की जिद पर अड़े रहे। प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। फायर ब्रिगेड की गाड़ी, वाटर कैनन, एंबुलेंस मौके पर तैनात हैं।

किसान नेता सुरेश कोथ व विकास सीसर ने बताया कि किसान दोपहर करीब दो बजे खनौरी बॉर्डर के लिए कूच करेंगे। अगर प्रशासन ने कोई खलल डालने की कोशिश की, तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान शांतिपूर्वक अपना आंदोलन कर रहे हैं। प्रशासन भी शांतिपूर्वक तरीके से किसानों का सहयोग करे। सरकार किसानों की सभी मांगें जल्द से जल्द पूरी करें अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा। खनौरी बॉर्डर जाने के लिए किसानों ने अपनी तैयारी कर रखी है सभी किसान राशन के साथ पूरे इंतजाम करके यहां से चलेंगे। ट्रैक्टर के साथ ट्रॉली के अंदर ही रहने का अस्थाई ठिकाना भी बनाया गया है। बॉर्डर पर पहुंच कर जो किसान नेताओं के आदेश होंगे, उसी के अनुसार काम किया जाएगा। इस बार किसान अपनी मांगें पूरी करवाए बगैर घर नहीं लौटेगा।

कमेटी में यह किसान हैं शामिल
कमेटी में विकास सिसर, कुलदीप खरड़, प्रधान अमन डाटा, रणवीर उमरा, सतीश राजली, जय नारायण, सुरेश, बिजेंदर, सुंदर, राकेश, मनीष, जगदीश, विकास, कृष्ण, मनजीत, सतीश, गोलू, अभिमन्यु, धर्मवीर, रामपाल, रणधीर, ओमप्रकाश, रामकुमार, कृष्णा मान, सुंदर, जोरा सिंह, कर्मवीर, संदीप, रोहतास, वारिस डाटा, जगदीप, राजेंद्र, संदीप, सुंदर पनिहारी, मनजीत, रामचंद्र, कृष्ण मसूदपुर, कुलदीप, काला गामडा, शिवलाल राजली, रामपाल, रवि, अनिल, सुनील राखी, प्रदीप ढांडा, सुरेश, रणधीर खेड़ी, दरबारा, अनिल, सूरजमल, सत्ता, कुलदीप पुनिया, आजाद, सोनू ,राम मेहर, रौनक, नफे सिंह, राजपाल, नरेश, मनोज, दीपक, महेंद्र खेड़ी, ओम प्रकाश, परवीन नाडा, विनोद दुहन, दीपक मोर, वीरेंद्र, मांगेराम, सिद्धू मिर्चपुर इत्यादि शामिल किए गए हैं।

किसान साथियों को जोड़ने के लिए बनाई समन्वय समिति

एमकेएम ने सभी पुराने किसान साथियों को साथ जोड़ने के लिए उन्होंने छह सदस्यीय समिति बनाई है, जो इन किसानों से जाकर बात करेगी। समिति बॉर्डर पर डटे किसान यूनियनों से भी बात करेगी और प्रयास रहेगा कि वह सभी साथ मिलकर ही किसानी मुद्दों को लेकर आगे बढ़ें। मोर्चे ने डीसी ऑफिस और भाजपा नेताओं के घरों के बाहर दिए जा रहे धरने को समाप्त करने का फैसला लिया है।

सुनील जाखड़ ने शुभकरण की मौत को बताया दुखद

पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने खनौरी बॉर्डर पर मरने वाले किसान शुभकरण सिंह की मौत को दुखद बताया है। जाखड़ ने एक्स पर लिखा-मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं और पूरा पंजाब आज उनके साथ खड़ा है। गहन जांच से पता चलना चाहिए कि उनकी मौत के लिए कौन जिम्मेदार है और सच्चाई सामने आनी चाहिए।

जाखड़ ने लिखा-मैं ऐसी दुर्घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करता हूं क्योंकि आज भी विरोध स्थल पर हमारे हजारों शुभकरण मौजूद हैं। दोनों पक्षों को याद रखना चाहिए कि हर जीवन मायने रखता है। सरकारों और सुरक्षा बलों को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने के लिए संयम और संवेदनशीलता का पालन करना चाहिए, वहीं किसान संगठनों को भी हमारे युवाओं के जुनून और ऊर्जा को सही दिशा में ले जाना चाहिए। इस आंदोलन के नेताओं को यह महसूस करना चाहिए कि हमारे युवा हमारे राष्ट्र की संपत्ति हैं और उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी के संकीर्ण राजनीतिक उद्देश्यों के लिए युवाओं का दुरुपयोग न किया जाए। सभी मांगों का समाधान बातचीत के माध्यम से आना चाहिए और दोनों पक्षों को बातचीत के माध्यम से मुद्दों को हल करने की दिशा में काम करना चाहिए।

खनौरी पर एक और किसान की मौत

खनौरी बॉर्डर पर 13 फरवरी से धरने पर बैठे बठिंडा जिले के गांव अमरपुरा के किसान दर्शन सिंह (62)  की मौत हो गई है। कुछ दिन पहले उन्होंने अपने बेटे की शादी की थी। परिवार पर 8 लाख का कर्ज है।

आप के डॉक्टर मंत्री अब किसान आंदोलन में संभालेंगे मोर्चा

आम आदमी पार्टी के डॉक्टर मंत्री अब किसान आंदोलन में मोर्चा संभालेंगे। पंजाब सरकार में मंत्री डॉ. बलजीत कौर, डॉ. बलबीर सिंह और डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी किसान आंदोलन में शंभू बॉर्डर पर मेडिकल कैंप लगाकर घायलों और जरूरतमंदों की मदद करेंगे। यह जानकारी पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दी। मंत्री चीमा ने बताया मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवा किसान शुभकरमण की मौत का जिम्मेदार हरियाणा सरकार को ठहराया है।

किसान नेताओं पर नहीं लगेगा रासुका

अंबाला रेंज के आईजीपी सिबाश कबिराज ने कहा है कि अंबाला के कुछ यूनियन नेताओं पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों को लागू करने के मामले पर पुनर्विचार किया गया है और यह निर्णय लिया गया है कि इसे लागू नहीं किया जाएगा। हरियाणा पुलिस प्रदर्शनकारियों और उनके नेताओं से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील करती है।

शुभकरण के परिवार को एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए शुभकरण सिंह के परिवार को पंजाब सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी छोटी बहन को सरकारी नौकरी दी जाएगी.. दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोर्स :-“अमर उजाला”

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *