• April 26, 2024 6:30 pm

मध्य प्रदेश में उपचुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, मुख्यमंत्री के दौरे शुरू

ByPrompt Times

Sep 13, 2021

13-सितम्बर-2021 | मुख्यमंत्री जनदर्शन के जरिये जनता से करेंगे सीधा संवाद, योजनाओं का लेंगे फीडबैक।जल्द घोषित हो सकती है उपचुनाव की तारीख।

मध्य प्रदेश में भाजपा उपचुनाव की तैयारियों में जुट गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चुनावी दौरे रविवार से शुरू हो गए। वे जनदर्शन कार्यक्रम के जरिये जनता से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान आमसभा भी होंगी और लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम भी होंगे। इसमें मुख्यमंत्री योजनाओं के बारे में जानकारी भी लेंगे। उनमें सुधार के लिए जो भी जरूरी कदम होंगे, वे उठाए जाएंगे। माना जा रहा है कि निर्वाचन आयोग उपचुनाव की तारीख की जल्द घोषणा कर सकता है। प्रदेश में खंडवा लोकसभा सहित रैगांव, पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव प्रस्तावित हैं। इसके लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने अपनी ओर से प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव को लेकर भाजपा कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहती है इसलिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार से एक बार फिर जनदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र से की है। यह सीट भाजपा विधायक जुगल किशोर बागरी के निधन से रिक्त हुई है। जनदर्शन कार्यक्रम में आमसभा भी होगी और जनहित के कामों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया जाएगा। शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा ताकि हकीकत सामने आ सके। यह सिलसिला अब लगातार चलेगा। 14 सितंबर मंगलवार को वे निवाड़ी के पृथ्वीपुर व 15 सितंबर को आलीराजपुर के जोबट पहुंचेंगे। 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मोत्सव कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। इसके तहत सात अक्टूबर तक प्रदेश में विभिन्न् योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया जाएगा।

जहां दुर्घटनाएं हुई हैं वहां भी जनदर्शन के लिए जाएं

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनदर्शन यात्रा को चुनावी जनदर्शन करार दिया। उन्होंने कहा कि हमें इसमें कोई आपत्ति नहीं है कि वे जनदर्शन यात्रा करें पर उन क्षेत्रों में भी जाएं, जहां दुर्घटनाएं हुई हैं। जनता वहां उनका बेसब्री से इंतजार कर रही है। प्रदेश में जहरीली शराब से मौत की घटनाएं हुई हैं। देवास के नेमावर, नीमच और खरगोन में आदिवासियों की हत्या की घटनाएं हैं। प्रदेश के कई जिले डेंगू व वायरल बुखार के हाटस्पाट बने हुए हैं। अस्पतालों में जगह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनदर्शन के माध्यम से एक बार फिर भूमिपूजन, शिलान्यास और घोषणाएं होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *