1 अप्रैल 2022 | 1अप्रैल से नया फाइनेंशियल ईयर शुरू हो रहा है। इसी के साथ आम लोगों, बैंकिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े कई बदलाव हो रहे हैं। आज से गाड़ी खरीदना और हाईवे पर सफर करना महंगा हो गया है। इसके अलावा अगर आप क्रिप्टो करेंसी में पैसा लगाते हैं तो इससे हुए मुनाफे पर आपको 30% टैक्स देना होगा। हम आपको आज से होने वाले ऐसे 12 बदलावों के बारे में बता रहे हैं जिनका सीधा असर आपके जीवन पर होगा।
1. सफर करना हुआ महंगा
नेशनल हाईवे पर सफर करना महंगा होने वाला है। आज यानी गुरुवार रात 12 बजे से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल टैक्स में 10 से 65 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। छोटे वाहनों के लिए 10 से 15 रुपए जबकि कमर्शियल वाहनों के लिए 65 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है।
2. किफायती घर खरीदने पर नहीं मिलेगी एक्स्ट्रा टैक्स छूट
अब होम लोन के चुकाए गए ब्याज पर आपको टैक्स छूट का फायदा नहीं मिलेगा। इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80EEA के तहत 1.5 लाख की अतिरिक्त कटौती का लाभ अब नहीं मिलेगा। इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80EEA के तहत घर की कीमत 45 लाख से कम है तो ब्याज भुगतान में डेढ़ लाख तक कटौती का दावा कर सकते थे। यह कटौती या छूट धारा 24B के तहत मिल रही 2 लाख रुपए की छूट के अलावा थी।
3. PF के ब्याज पर देना होगा टैक्स
जिन कर्मचारियों ने PF अकाउंट में 2.5 लाख रुपए से ज्यादा जमा किया है, उन्हें ब्याज पर इनकम टैक्स देना होगा। टैक्स कैलकुलेशन के लिए अमाउंट को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। एक में छूट वाला योगदान, तो दूसरे में 2.5 लाख रुपए से ज्यादा का योगदान रहेगा, जो टैक्सेबल होगा। सरकारी कर्मचारियों के लिए यह सीमा 5 लाख रुपए रहेगी।
4. आधार-पैन लिंक नहीं होने पर पेनाल्टी
पैन को आधार से लिंक करने पर अब पेनाल्टी लगेगी। यह 30 जून 2022 तक 500 रुपए रहेगी। इसके बाद 1000 रुपए पेनाल्टी देनी होगी। 31 मार्च 2023 के बाद भी लिंक न करवाने पर पैन नंबर निष्क्रिय हो जाएगा।
5. गाड़ी खरीदना हुआ महंगा
टाटा मोटर्स की गाड़ियों की कीमतों में 2-2.5% तो वहीं टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भी अपनी गाड़ियों की कीमत 4% तक बढ़ाने का फैसला किया है। इसके अलावा मर्सिडीज बेंज इंडिया अपनी सभी कारों के दाम बढ़ाने जा रही है। BMW भी 1 अप्रैल से अपनी सभी कारों की कीमत में 3.5% की बढ़ोतरी करने जा रही है।
6. दवाइयां भी महंगी
करीब 800 लाइफ सेविंग ड्रग्स के दाम 10% तक बढ़ेंगे। इसमें एंटी बायोटिक से लेकर पेन किलर जैसी जरूरी दवाएं भी शामिल हैं। ये सभी दवाइयां शेड्यूल दवाइयों की श्रेणी में आती है यानी जरूरी दवाइयां।
7. क्रिप्टो पर 30% टैक्स
वर्चुअल डिजिटल एसेट्स या क्रिप्टो पर 30% टैक्स लगेगा। किसी व्यक्ति को क्रिप्टो करंसी बेचने पर लाभ होता है तो उसे उस पर टैक्स देना होगा। बिक्री पर 1 जुलाई से 1% TDS भी काटा जाएगा।
8. म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने के नियम बदले
अब म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए भुगतान, चेक, बैंक ड्राफ्ट या अन्य किसी भौतिक माध्यम से नहीं कर पाएंगे। म्यूचुअल फंड ट्रांजेक्शन एग्रीगेशन पोर्टल एमएफ यूटिलिटीज (एमएफयू) 31 मार्च 2022 से चेक-डिमांड ड्राफ्ट आदि के जरिए पेमेंट सुविधा को बंद कर दिया है। आज से म्यूचुअल फंड में पैसे लगाने के लिए आपको सिर्फ यूपीआई या नेटबैंकिंग के जरिए ही भुगतान करना होगा।
9. वायरलेस ईयरबड्स और रेफ्रिजरेटर हो सकते हैं महंगे
साल 2022 के बजट में वायरलेस ईयरबड्स में इस्तेमाल होने वालें कुछ पार्ट्स पर इंपोर्ट ड्यूटी को बढ़ाया गया है। ऐसे में प्रोडक्शन कॉस्ट बढ़ जाएगी, जिसके बाद सभी ब्रांड्स अपने ईयरबड्स की कीमतों में इजाफा कर सकते हैं।
इसके अलावा हेडफोन के डायरेक्ट इंपोर्ट पर ड्यूटी को बढ़ा दिया गया है। इसका सीधा मतलब ये है कि ग्राहकों के लिए अब हेडफोन खरीदना भी महंगा पड़ने वाला है। इसके अलावा सरकार ने कंप्रेसर में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स पर इंपोर्ट ड्यूटी को बढ़ा दिया है। इसके कारण अब देश में रेफ्रिजरेटर भी महंगे हो जाएंगे।
10. छोटी बचत योजनाओं से बैंक अकाउंट लिंक कराएं
डाकघर में छोटी बचत की स्कीम जैसे टाइम डिपॉजिट, सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम या मंथली स्कीम चलाते हैं तो इन खातों को सेविंग अकाउंट या पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट से जरूर जुड़वा लें। अब इन योजनाओं का पैसा सेविंग खाते में ही मिलेगा। पोस्ट ऑफिस जाकर कैश में ब्याज का पैसा नहीं ले सकते। सेविंग खाते से लिंक कराने पर ब्याज का पैसा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से ट्रांसफर हो जाएगा।

टाइम डिपॉजिट, सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम या मंथली स्कीम चलाते हैं तो इन खातों को सेविंग अकाउंट या पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट से लिंक करा लें
11. एक्सिस बैंक ने सेविंग्स अकाउंट्स के नियमों में किया बदलाव
एक्सिस बैंक ने सेविंग्स अकाउंट के लिए एवरेज मंथली बैलेंस की लिमिट को 10,000 रुपए से बढ़ाकर 12,000 रुपए कर दिया है। एक्सिक बैंक ने मेट्रो/अर्बन शहरों में ईजी सेविंग्स एंड इक्विलेंटट स्कीम्स की मिनिमम बैलेंस लिमिट को बढ़ाया है। यह बदलाव उन्हीं स्कीमों पर लागू होगा, जिनमें एवरेज बैलेंस 10000 रुपए जरूरी है।
12. बैंक और डीमैट अकाउंट का KYC
डीमैट और बैंक अकाउंट धारकों को KYC जरूरी कर दिया गया है। नियम के मुताबिक, अगर आपका KYC अपडेट नहीं है तो आपका बैंक खाता बंद हो सकता है। वहीं, अगर आपके डीमैट अकाउंट का KYC नहीं होता है तो डीमैट अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया जाएगा। इससे आप स्टॉक मार्केट में ट्रेड नहीं कर पाएंगे। अगर कोई व्यक्ति किसी कंपनी का शेयर खरीद भी लेता है तो ये शेयर्स अकाउंट तक ट्रांसफर नहीं हो सकेंगे। KYC पूरा होने और वैरिफाई होने के बाद ही यह पूरा हो सकेगा।
Source :- “दैनिक भास्कर”
