• April 27, 2024 1:09 pm

पावागढ़ में उमड़े श्रद्धालु-पांचवें नवरात्रि पर चार लाख भक्तों ने महाकाली के दर्शन किए

ByPrompt Times

Oct 12, 2021

12-अक्टूबर-2021  | नवरात्रि के पांचवे दिन सोमवार को शक्तिपीठ पावागढ़ में 4 लाख से अधिक भक्तों ने महाकाली के दर्शन किए। रविवार को छुट्‌टी होने की वजह से नीचे से ऊपर मंदिर तक भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। तीन नवरात्रि में मंदिर बंद होने की वजह से सोमवार को पांचवें दिन भी लोगों का तांता लगा रहा। इस दौरान भक्त बिना मास्क के ही दिखाई दिए। इतना ही नहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं कर रहे थे। इस वजह से प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है। माताजी के मंदिर का द्वार खुलते ही सुबह 4 बजे से भक्त महाकाली के जयघोष के साथ दर्शन करने पहुंच गए। पावागढ़ मंदिर ट्रस्ट की ओर से इस साल दर्शनार्थियों के लिए खास व्यवस्था की गई है। पंचमहाल जिला कलेक्टर ने प्राइवेट वाहनों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए एसटी की ट्रिप बढ़ा दी गई है। मंदिर में भारी भीड़ होने के बावजूद कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि भीड़भाड़ में कुछ लोग परिवार से अलग हो गए थे। पुलिस द्वारा जगह-जगह बनाए गए पॉइंट की वजह से बिछड़े लोगों को तुरंत परिवार से मिला दिया गया। रोप-वे सेवा भी सुबह से ही चालू कर दी गई थी। रविवार को 10 हजार से अधिक लोगों ने रोप-वे का लाभ लिया। नवरात्रि पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 800 पुलिसकर्मियों और सिक्योरिटी जवानों को जगह-जगह तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी यात्रियों पर कड़ी नजर रख रहे थे।

Source;-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *