• June 5, 2026 7:09 am

परीक्षाएं ऑफलाइन-92% ने जमा किए असाइनमेंट, बोर्ड ने समाप्त कर दी इसकी अनिवार्यता, 8 फीसदी बच्चे नहीं दे पा रहे थे परीक्षा

Share More

26 फरवरी 2022 | माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए असाइनमेंट की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। ऐसे छात्र जिन्होंने एक भी असाइनमेंट जमा नहीं किया है वे भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। कोरोना काल में जब स्कूल बंद थे, तब बोर्ड ने असाइनमेंट जमा करने के निर्देश जारी किए थे। छात्रों के लिए 2 असाइनमेंट जमा करना अनिवार्य किया गया था। निर्देश में कहा गया था कि ऐसा नहीं करने वाले छात्रों को परीक्षा में शामिल होने से रोक दिया जाएगा। 92 फीसदी छात्रों ने ही असाइनमेंट जमा किए। इसलिए बोर्ड ने इसकी अनिवार्यता समाप्त कर दी।

2 मार्च से 10वीं-12वीं की परीक्षाएं ऑफलाइन शुरू होने जा रही है। परीक्षाएं चूंकि सेंटरों में आयोजित हो रही हैं, इसलिए असानइमेंट को जरूरी नहीं समझा जा रहा है। अफसरों का ये भी मानना है कि जब परीक्षाएं सेंटरों में होने जा रही है, तब असाइनमेंट के कारण 8 फीसदी बच्चों को परीक्षा से वंचित करना उचित नहीं होगा। यही वजह है कि अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है।

कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले साल कुछ महीनों को छोड़कर स्कूल बंद थे। ज्यादा दिन स्कूल बंद रहने के कारण दसवीं-बारहवीं के कोर्स में 30 से 40 फीसदी तक की कटौती कर दी गई है। कोरोना की वजह से हालात इतने बिगड़े हुए थे, कि स्कूल खुलने के आसार नहीं थे। इस वजह से कोर्स में कटौती के साथ असाइनमेंट का फार्मूला भी लागू किया गया।

माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से अगस्त से लेकर जनवरी तक छात्रों को 6 असाइनमेंट जारी किये गए। इनमें से 2 असाइनमेंट को जमा करना जरूरी किया गया। कुछ महीने पहले माशिमं की ओर से निर्देश जारी किए गए थे, जिसमें कहा गया था कि जो छात्र 2 असाइनमेंट पूरे नहीं करते उन्हें बोर्ड परीक्षा में बैठने की पात्रता नहीं दी जाएगी।

इस निर्देश के बाद जिन छात्रों ने शुरुआत में असाइनमेंट नहीं बनाये उनमे से कई छात्रों ने दिसम्बर और जनवरी में असाइनमेंट पूरे किए।
नहीं जुड़ेंगे असाइनमेंट के नंबर : 
असाइनमेंट का फार्मूला 2020 में लागू किया गया था। तब दसवी बारहवीं के रिजल्ट में असाइनमेंट के कुछ नम्बर जोड़ने का प्रावधान था। पिछली बार दसवीं की परीक्षा नहीं हुई। उस समय छात्रों का रिजल्ट असाइनमेंट के आधार पर ही जारी किया गया। इस वजह से कोई भी छात्र फेल नहीं हुआ।

इसी तरह बारहवीं का पेपर छात्रों ने घर से लिखकर जमा किया था, इसलिए असाइनमेंट के नंबरों को रिजल्ट में शामिल नहीं किया गया। इस बार जब असाइनमेंट लागू किया गया तब माना जा रहा था कि इस बार असाइनमेंट के नंबर जोड़े जाएंगे। इसे लेकर बड़ी संख्या में छात्रों ने असाइनमेंट बनाये, लेकिन माशिमं ने साफ दिया है कि असाइनमेंट के नंबर नही जोड़े जाएंगे।

प्रवेश पत्र ऑनलाइन भी : दसवीं-बारहवीं बोर्ड परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र ऑनलाइन भी निकाले जा सकते हैं। माशिमं की वेबसाइट पर इसे अपलोड किया गया है।अफसरों का कहना है कि प्रवेश पत्र पहले ही स्कूलों को भेजे जा चुके हैं, अब ऑनलाइन भी जारी किया गया है। दसवीं-बारहवीं की परीक्षा में इस बार करीब 6.83 लाख छात्र शामिल हो रहे हैं। पिछली बार की तुलना में दसवीं में छात्रों की संख्या कम हुई है, जबकि बारहवीं में छात्रों की संख्या बढ़ी है।खबरें और भी हैं…

Source;-“दैनिक भास्कर”


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *