• June 4, 2026 10:37 pm

गडकरी ने झारखंड में 2024 तक 2 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का किया वादा

Share More

  24 मार्च 2023 |  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बीते गुरुवार को झारखंड में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का वादा किया और कहा कि 2024 तक राज्य में 2 लाख करोड़ रुपये की लागत से राजमार्ग का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री गडकरी ने कहा कि झारखंड बुनियादी ढांचा के मामले में विकसित राज्यों की कतार में खड़ा होगा और यहां भारतमाला एवं आर्थिक गलियारे के तहत सड़क मार्ग सहित राजमार्ग का एक नेटवर्क खड़ा किया जाएगा।

गडकरी ने 2 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का किया वादा  
गडकरी ने राज्य की राजधानी रांची में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘जो परियोजनाएं आप आज यहां देख रहे हैं वह सिर्फ ‘ट्रेलर’ है। मेरा वादा है कि मैं झारखंड में 2 लाख करोड़ रुपये के सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा दूंगा।” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड के पास कोयला और लोहा समेत प्रचुर संसाधन है और राज्य में बेहतर बुनियादी ढांचा होने से देश के विकास को गति मिलेगी। गडकरी ने कहा कि सड़क नेटवर्क से यहां उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और अत्यधिक संख्या में रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि लक्ष्य साजो सामान के लागत को कम करना है, जो भारत में चीन और अमेरिका जैसे देशों की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है, जहां सोजो सामान की लागत क्रमश: लगभग आठ और 12 प्रतिशत है। राजमार्ग मंत्री ने कहा, ‘‘2024 तक भारत की साजो सामान की लागत को नौ प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य है।” उन्होंने झारखंड सरकार से रोपवे के लिए प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया। उन्होंने खेद व्यक्त किया कि राज्य से ऐसा कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ, जबकि विभिन्न राज्यों से रोपवे के निर्माण के लिए 260 प्रस्ताव आए हैं।

“सड़कों के विकास से उद्योग आएंगे, खनन क्षेत्र का अंतत: विकास होगा”
गडकरी ने कहा कि उन्हें रांची और जमशेदपुर में देश के पहले डबल डेकर पुल के अलावा 5,000 करोड़ रुपये की 114 किलोमीटर लंबी रिंग रोड की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। इनके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम शुरू हो गया है। गडकरी ने 10 किलोमीटर लंबे ‘डबल-डेकर’ कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करने के तुरंत बाद गोपाल मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “सड़कों के विकास से उद्योग आएंगे, खनन क्षेत्र का अंतत: विकास होगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।” बिजली उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान देने के बावजूद झारखंड का ज्यादा विकास नहीं हो पाने पर खेद व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसका विकास सुनिश्चित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड की सड़कें अमेरिका की सड़कों के स्तर की होगी, क्योंकि मेरा मानना है कि सड़क किसी भी देश के विकास का पैमाना होती है।”

21 परियोजनाएं राज्य की राजधानी रांची से हैं संबंधित
वह 13,296 करोड़ रुपये की कुल 31 परियोजनाओं को शुरू करने के लिए तैयार हैं। इनमें से 21 परियोजनाएं राज्य की राजधानी रांची से संबंधित हैं, जिस पर 9,453 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले केन्द्रीय मंत्री ने जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम में कुल 3378 करोड़ रुपये की दस परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलन्यास किया और फिर उन्होंने रांची में कुल 21 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। रांची के पुराने विधानसभा परिसर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में नितिन गडकरी के साथ कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सांसद संजय सेठ के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सहित भाजपा और आजसू (ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) के कई विधायक उपस्थित थे।

सोर्स :-” पंजाब केसरी”                  

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *