• May 12, 2024 9:27 am

अंतरिक्ष से गिरा था अंगूर के आकार का धधकता पत्थर, बदल जाएगा अब तक का इतिहास! कैसे बना था सौर मंडल?

24  दिसंबर 2022 |  सौर मंडल के बाहरी छोर से आग की एक गेंद धरती पर गिरी है। इस दहकती गेंद ने सौर मंडल की उत्पत्ति को लेकर पुरानी थ्योरी को चुनौती दी है। यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ओंटारियो के शोधकर्ताओं के मुताबिक आग की यह गेंद बर्फ के बजाय चट्टान की बनी हुई है। हाल ही में यह अध्ययन नेचर एस्ट्रोनॉमी जर्नल में प्रकाशित हुआ था। यह अध्ययन बताता है कि सभी संकेत इशारा करते हैं कि इस गेंद की उत्पत्ति ऊर्ट क्लाउट (Oort Cloud) के ठीक बीच में हुई है। तो आखिर यह ऊर्ट क्लाउड क्या है?

सौर मंडल के बाहरी किनारे पर स्थित बर्फीली चीजों के समूह को ऊर्ट क्लाउड कहते हैं जो अंतरिक्ष में तैरता है। इस चमकदार धधकती गेंद की खगोलीय यात्रा कनाडा के सेंट्रल अलबर्टा पर खत्म हुई। यह खगोलविदों की समझ को बदल सकती है कि 4.5 अरब साल पहले सौर मंडल कैसे बना था। इस नजारे को 22 फरवरी 2021 को कैमरे में कैद किया गया था। माना जा रहा है कि अंगूर के आकार का चट्टानी उल्कापिंड ऊर्ट क्लाउड से आया था।
‘गेम चेंजर’ खगोलीय चट्टान?
वैज्ञानिकों ने कभी भी ऊर्ट क्लाउड में चट्टानी वस्तुओं को सीधे तौर पर नहीं देखा है। लंबे समय से माना जाता था कि इसमें सिर्फ बर्फीली चीजें ही मौजूद हैं। लेकिन नेचर एस्ट्रोनॉमी जर्नल में 12 दिसंबर को प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार कनाडा में जली हुई खगोलीय चट्टान ऊर्ट क्लाउड और सौर मंडल की उत्पत्ति के बारे में लोकप्रिय थ्योरी को चुनौती देती है। अध्ययन की प्रमुख लेखिका डेनिस विडा ने इसे ‘पूरी तरह गेम चेंजर’ करार दिया है।
कैसे बने थे ऊर्ट क्लाउड?
अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के अनुसार, माना जाता है कि ऊर्ट क्लाउड तब बना जब नए ग्रहों के गुरुत्वाकर्षण ने बर्फीली चीजों को सूर्य से दूर धकेल दिया। मिल्की वे गैलेक्सी के गुरुत्वाकर्षण के कारण ये चीजें सौर मंडल के किनारे बस गईं। यूनिवर्सिटी ऑफ अल्बर्टा के ग्लोबल फायरबॉल ऑब्जर्वेटरी (जीएफओ) कैमरों ने अंतरिक्ष से गिरती आग की इस गेंद को देखा था। इसका उद्देश्य आग के गोलों की तस्वीरें खींचना है ताकि उल्कापिंडों को बरामद किया जा सके।

 सोर्स :- “नवभारतटाइम्स”                    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *