• June 17, 2024 10:00 pm

SI भर्ती घोटाले के आरोपियों ने हरियाणा का पेपर भी किया था लीक, जम्मू में छपा था

20 अक्टूबर 2022 | सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले में शामिल आरोपियों ने हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती का पेपर भी लीक किया था। यह पेपर जम्मू में छपा था। इस पेपर को शहर के गंग्याल स्थित सीआरपीएफ की एक यूनिट में तैनात सीआरपीएफ कर्मी ने लीक किया था। यहीं सीआरपीएफ कर्मी सीबीआई की गिरफ्त में है।

यह कर्मी हरियाणा में मौजूद दलालों के साथ संपर्क था। उनके साथ मिलकर पहले जम्मू में छपा हरियाणा पुलिस कांस्टेबल का पेपर लीक किया। इसके बाद दलालों के साथ मिलकर हरियाणा के करनाल में छपने वाला जम्मू कश्मीर पुलिस, फाइनेंशियल अकाउंट असिस्टेंट, जेई सिविल को लीक करने की योजना बनाई। इसके लिए बीएसएफ के कमांडेंट एवं मेडिकल अफसर करनैल सिंह, सीआरपीएफ कर्मी और बाकी लोगों के बीच डील हुई थी।

यही नहीं, इन लोगों ने पंचायत सहायक का पेपर भी लीक किया था, जबकि फारेस्टर के लिए होने वाली परीक्षा की भी डील कर ली गई थी। बता दें कि हरियाणा कांस्टेबल का लीक पेपर व्हाटसएप पर वायरल हो गया और इसके बाद हरियाणा सरकार ने इसे रद्द कर दिया था। सूत्रों का कहना है कि दलालों, करनैल सिंह, पुलिस कर्मियों, सीआरपीएफ कर्मियों, एसएसबी के अधिकारियों के बीच गैंग तभी बन गया था, जब इन लोगों ने हरियाणा पुलिस कांस्टेबल का पेपर लीक किया था। इसी से इन लोगों का हौसला बढ़ा और फिर जम्मू कश्मीर में पुलिस सब इंस्पेक्टर, एफएए, जेई सिविल का पेपर लीक करने की योजना बनाई।

करनैल सिंह ने अपने घर पर 12 उम्मीदवारों को दिया था साल्व पेपर

सीबीआई ने सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले में गिरफ्तार बीएसएफ के कमांडेंट एवं मेडिकल अफसर करनैल सिंह को 10 दिन की रिमांड पर लिया है। बुधवार को करनैल सिंह को सीजेएम जम्मू के सामने पेश किया गया।

वहीं सीबीआई की जानकारी में सामने आया है कि करनैल सिंह ने 27 मार्च को सुबह 7 बजे 12 उम्मीदवारों को अपने पटोली स्थित घर बुलाया। यहां इनको बताया गया कि पेपर में इतने सवाल आएंगे और इनके यह जवाब हैं। इनको साल्व किया गया पेपर दे दिया गया।

यह पेपर ज्यूल स्थित एक होटल में सॉल्व किया गया था। जिसे एक सरकारी शिक्षक ने हल किया था। 12 बजे पेपर होना था तो इनको 3 से 4 घंटे का समय मिल गया।  वहीं यह भी जानकारी दी गई है कि करनैल सिंह ने अपनी सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल उम्मीदवारों तक पेपर पहुंचाने के लिए किया था, क्योंकि सरकारी वाहन की लागबुक होती है। इसलिए करनैल ने अपनी सरकारी गाड़ी की लागबुक में भी छेड़छाड़ की, ताकि सबूतों को मिटाया जा सके।

एसएसबी, जम्मू पुलिस के सीनियर अफसर, कर्मी राडार पर

एसआई भर्ती घोटाले में करनैल सिंह को किंगपिन बताया जा रहा है। वहीं सूत्रों के मुताबिक लोक सेवा चयन बोर्ड, जम्मू पुलिस के आईआरपी, जेकेएपीए, सीआरपीएफ के सीनियर अफसर और कर्मी सीबीआई के राडार पर हैं। सीबीआई इस मामले में जल्द ही चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है। इससे पहले कई बड़े अधिकारी गिरफ्तार हो सकते हैं। करनैल सिंह को गिरफ्तार करने के साथ ही सीबीआई ने साफ कर दिया है कि बड़ी मछलियां भी सलाखों के पीछे होंगी।

सोर्स :-“अमर उजाला”                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *