28 जनवरी 2022 | हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी ने 18-19 दिसम्बर, 2021 को हुई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2021 (HTET) लेवल-1, 2 व 3 का परीक्षा परिणाम गुरुवार दोपहर बाद घोषित कर दिया। बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। परीक्षा में लेवल-1 (पीआरटी) का रिजल्ट 13.70 प्रतिशत, लेवल-2 (टीजीटी) का 04.30 प्रतिशत और लेवल-3 (पीजीटी) के रिजल्ट में 14.52 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
187951 ने दी थी परीक्षा
भिवानी बोर्ड के अध्यक्ष डा. जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष वीपी यादव और सचिव कृष्ण कुमार ने भिवानी में पत्रकारवार्ता में बताया कि HTET में कुल 187951 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए। इनमें से 58 हजार 391 पुरूष और 1लाख 29 559 महिलाएं व 01 ट्रांसजेंडर शामिल रहे। इनमें से कुल 19 हजार 40 अभ्यर्थी पास हुए हैं। पास पुरूष अभ्यर्थियों की संख्या 7107 और महिलाओं की संख्या 11933 रही।

HTET में कैटेगरी वाइज रिजल्ट।
PRT में महिलाओं का पास प्रतिशत कम
लेवल-1 (PRT) की परीक्षा में कुल 39,708 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए, जिनमें 12,844 पुरुषों में से 2,147 एवं 26 हजार 863 महिलाओं में से 3293 उत्तीर्ण हुई। उन्होंने बताया कि पुरूष अभ्यर्थियों का पास प्रतिशत 16.72 एवं महिलाओं अभ्यर्थियों का 12.26 प्रतिशत रहा।

लेवल-1 जिला वाइज रिजल्ट।
TGT में 55 हजार में से 2004 महिलाएं पास
लेवल-2 (TGT) की परीक्षा में कुल 77,510 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए, जिनमें 22,911 पुरुषों में से 1,327 एवं 54,599 महिलाओं में से 2,004 उत्तीर्ण हुई। उन्होंने बताया कि पुरूष अभ्यर्थियों का पास प्रतिशत 05.79 एवं महिलाओं अभ्यर्थियों का 03.67 प्रतिशत रहा।

लेवल-2 जिला वाइज रिजल्ट।
PGT में 22 हजार पुरुषों में 3633 पास
लेवल-3 (PGT) की परीक्षा में कुल 70,733 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए, जिनमें 22,636 पुरुषों में से 3,633 एवं 48,097 महिलाओं में से 6,636 उत्तीर्ण हुई। उन्होंने बताया कि पुरूष अभ्यर्थियों का पास प्रतिशत 16.05 एवं महिलाओं अभ्यर्थियों का 13.80 प्रतिशत रहा।

लेवल-3 जिला वाइज रिजल्ट।
नकल के 66 केस हुए थे दर्ज
डा. जगबीर ने बताया कि बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित अत्याधुनिक तकनीकों से युक्त हाई-टैक कंट्रोल रूम से प्रदेशभर के सभी एचटेट परीक्षा केंद्रों की पल-पल की लाइव मॉनिटरिंग सी.सी.टी.वी. कैमरों के माध्यम से करते हुए प्रथम बार अनुचित साधन के 66 केस दर्ज किए गए थे।

HTET- पिछले पांच सालों में यह रहा रिजल्ट प्रतिशत।
रिजल्ट वापस लेने का अधिकार
बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार ने कहा कि परिणाम को अपलोड करने या किसी अन्य प्रकार की तकनीकी त्रुटि होने की अवस्था में बोर्ड को यह परिणाम वापस लेने का पूर्ण अधिकार होगा।
Source;-“दैनिक भास्कर”
