30 मई 2023 ! एक्टिंग के मामले में काजोल (Kajol) आज भी भारी पड़ती हैं. 90 के दशक में अपनी फिल्मों से काजोल ने कई फिल्मों को खास बनाया था. लेकिन कुछ फिल्में काजोल के कॅरियर के लिए तो खास रहीं, लेकिन निजी तौर पर उनका फिल्मांकन एक्ट्रेस के लिए परेशानी भरा रहा. ऐसी ही एक फिल्म को लेकर हाल ही काजोल ने अपनी पुरानी यादें शेयर कीं. दरअसल, काजोल, संजय दत्त और आशुतोष राणा की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘दुश्मन’ (Dushman) को हाल ही 25 साल पूरे हुए हैं. ऐसे में काजोल ने फिल्म से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया और अपने दिल की बात कही.
साइकोलॉजिक थ्रिलर ‘दुश्मन’ 29 मई 1998 को रिलीज हुई थी और इसे तनूजा चंद्रा ने निर्देशित किया था. फिल्म दो बहनों की कहानी थी, जिसमें एक का मर्डर हो जाता है और फिर दूसरी बहन विलेन से लड़ती है. फिल्म में काजोल के अभिनय को काफी पसंद किया गया था. साथ ही फिल्म में नकारात्मक भूमिका में नजर आए आशुतोष राणा ने भी अपने किरदार से सबके दिलों में छाप छोड़ दी थी.
फिल्म के 25 साल पूरे होने पर काजोल ने इस फिल्म को याद करते हुए लिखा, ‘दुश्मन के 25 साल, मेरे कॅरियर की सबसे डरावनी फिल्म जिसके लिए मैंने हां कहा और देखा भी. आशुतोष राणा ने मुझे स्क्रीन पर बुरी तरह डरा दिया था, मुझे लगता है आप लोग भी डर गए होंगे. साथ ही पूजा और तनूजा को बहुत सारा धन्यवाद जिन्होंने मुझे इस अनकंफर्टेबल सब्जेक्ट के लिए कम्फर्ट फील करवाया. आज भी मेरे लिए यह फिल्म देखना अनकंफर्टेबल होता है.’
वहीं, तनूजा चंद्रा ने भी इस फिल्म के लिए काजोल को थैंक्स कहा है. उन्होंने कहा, ‘आपके साथ काम करना बेहद अच्छा लगा. इतने सालों के बाद भी यह फिल्म लोगों के दिलों में जगह बनाए हुए है.’ काजोल की इस पोस्ट पर फैंस भी प्यार लुटा रहे हैं और उन्हें बेहतरीन अभिनेत्री कह रहे हैं.
सोर्स :-“न्यूज़ 18 हिंदी|”
