• June 9, 2026 1:31 pm

वकील बोले-किताबों में लिखी बातों को सार्वजनिक करना अपराध नहीं; सरकार ने कहा-बेल मिलने पर फैल सकती है सांप्रदायिकता

Share More

1 अप्रैल 2022 | राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले संत कालीचरण की जमानत पर हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। शुक्रवार को जस्टिस अरविंद सिंह चंदेल की कोर्ट में उनके वकील ने बहस के दौरान कहा कि किताबों में लिखी हुई बातों पर सार्वजनिक बयान देना कोई अपराध नहीं है। कालीचरण 90 दिनों से जेल में बंद है और उनकी चार्जशीट भी पेश हो चुकी है। लिहाजा, जमानत उनका अधिकार है। इधर, शासन के वकील ने कहा कि कालीचरण को अपनी हरकतों पर कोई पछतावा नहीं है। वह जेल से बाहर आकर फिर से सांप्रदायिकता फैला सकता है। लिहाजा, उसे जमानत न दी जाए।

रायपुर की धर्म संसद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कर उन्हें गाली देने वाले संत कालीचरण पिछले तीन माह से जेल में हैं। निचली अदालत से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद उनके वकील मेहुल जेठानी ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है। याचिका में बताया गया है कि कालीचरण के खिलाफ पुलिस ने बाद में राजद्रोह का केस दर्ज किया है। उनके खिलाफ राजद्रोह का मामला नहीं बनता है।

शुक्रवार को जमानत अर्जी पर जस्टिस अरविंद सिंह चंदेल की बेंच में बहस हुई। कालीचरण की तरफ से सीनियर एडवोकेट किशोर भादुड़ी ने तर्क प्रस्तुत करते हुए कहा कि कालीचरण ने किताबों में लिखी बातों को सार्वजनिक मंच में साझा किया है। उनका उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। किताबों में लिखी हुई बातों को सार्वजनिक रूप से बोलना अपराध नहीं है। संत कालीचरण 90 दिनों से जेल में बंद हैं। पुलिस की जांच पूरी हो गई और चार्जशीट भी पेश कर दिया गया है। ऐसे में जमानत उनका अधिकार है।

सरकार की तरफ से एडिशनल एडवोकेट जनरल सुनील ओटवानी ने बहस करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जैसे राष्ट्र पुरुष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के बाद भी कालीचरण को कोई पछतावा नहीं है। क्योंकि, अपने बयान देने के चार दिन बाद उन्होंने यू ट्यूब पर बयान अपलोड किया था और बोला था कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है। ऐसे में जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से ऐसी हरकतें कर सकता है और सांप्रदायिकता फैला सकती है। लिहाजा, उसे जमानत न दी जाए।

हाईकोर्ट ने फैसला किया सुरक्षित
कालीचरण की तरफ से सीनियर एडवोकेट ने इस तरह के मामलों में सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का उल्लेख किया है। साथ ही किताबों में लिखी हुई बातों को भी प्रस्तुत किया है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद जस्टिस अरविंद सिंह चंदेल ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।

मध्यप्रदेश के खजुराहो से हुआ था गिरफ्तार
कुछ महीने पहले रायपुर में धर्म संसद में गांधी के खिलाफ बयानबाजी करने पर पुलिस ने कालीचरण के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके साथ ही पुणे में भी उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद से कालीचरण फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस दौरान मध्यप्रदेश के खजुराहो में दबिश देकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।

Source :- “दैनिक भास्कर”


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *