• May 5, 2024 9:06 pm

नगर और आसपास के गांवों का बनेगा नया पेयजल डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम

By

Feb 17, 2021
नगर और आसपास के गांवों का बनेगा नया पेयजल डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम

पिथौरागढ़: –पिथौरागढ़ नगर और आस-पास के गांवों के लिए अब नया पेयजल डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम बनेगा। पुरानी पेयजल लाइनों को हटाकर उनके स्थान पर नई पेयजल लाइनें डाली जाएंगी। डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम तैयार करने का जिम्मा एडीबी संभालेगा।

पिथौरागढ़ नगर के लिए आंवलाघाट पेयजल योजना के साथ ही घाट पेयजल योजना भी बनाई गई है। भविष्य में थरकोट झील से भी नगर और आस-पास के गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने की योजना है। नगर में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो जाने के बाद नगर और गांवों के डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम को बेहतर किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

नगरीय क्षेत्र का डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम दो दशक से भी पुराना है। अधिकांश पेयजल लाइनें नालियों में या पैदल रास्तों के ऊपर बिछी हुई है। नालियों में बिछी पेयजल लाइनों से गंदा पानी घरों में पहुंचने की आशंका रहती है तो रास्तों के ऊपर बिछी लाइनों से लोगों को पैदल चलने में दिक्कतें आती है। नगर की सफाई व्यवस्था पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ता है।

इस समस्या को देखते हुए पेयजल निगम को नया डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। निगम ने करीब 70 करोड़ का नया प्रस्ताव तैयार भी कर लिया था।

यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत मिल जाने की उम्मीद है, लेकिन अब डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम तैयार करने का जिम्मा पेयजल निगम की जगह एडीबी को दिया जा रहा है। नए डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में अब तीन इंच से नीचे की पेयजल लाइनें नहीं बिछाई जाएंगी। उपभोक्ताओं को अब लंबी दूरी से संयोजन नहीं लेने होंगे। घर के नजदीक से ही संयोजन दिए जाएंगे। इससे नालियों और रास्तों के ऊपर पेयजल लाइन बिछाने की समस्या नहीं रहेगी।

नगर और आस-पास के गांवों को सम्मिलित करते हुए नया पेयजल डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम तैयार किया जाना है। इसके प्रस्ताव पेयजल निगम ने पूर्व में तैयार कर लिया था। डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम बनाने की जिम्मेदारी एडीबी संभालेगा।

  • आरएस धर्मशक्तू,
  • अधिशासी अभियंता,
  • पेयजल निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *