• April 27, 2024 4:45 am

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी और संस्थाओं को गणतंत्र दिवस पर मिलेगा सम्मान और पुरस्कार

25 जनवरी 2022 | समारोह में परेड के साथ विभिन्न विभागों द्वारा राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित नयनाभिराम झांकियां निकाली जाएंगी।

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में उन अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा, जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य किए हैं। इन अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं की सूची तैयार की जा रही है। इस बार मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ध्वजारोहण करेंगे। इस समारोह की व्यापक तैयारी की जा रही है। कलेक्टर मनीषसिंह ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप की जाएं।

समारोह में परेड के साथ विभिन्न विभागों द्वारा राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित नयनाभिराम झांकियां निकाली जाएंगी। परेड का नेतृत्व एसीपी यातायात अजीत सिंह चौहान करेंगे। उनका अनुकरण टूआईसी सुबेदार बृजराज अजनार करेंगे। परेड में आरएपीटीसी, फर्स्ट बटालियन, पंद्रहवी वाहिनी, जिला पुलिस बल (पुरुष), जिला पुलिस बल (महिला), पीटीसी इंदौर, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड तथा यातायात पुलिस आदि प्लाटून के दल शामिल होंगे। साथ ही बीएसएफ बैंड भी परेड में शामिल रहेगा।

गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम ठीक नौ बजे प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय गान होगा। मुख्य अतिथि परेड की सलामी लेंगे। संदेश का वाचन किया जाएगा। विभिन्न प्लाटून आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगे। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित नयनाभिराम झांकियां निकाली जाएंगी। मुख्य अतिथि जिले में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और संस्थाओं को पुरस्कृत भी करेंगे।

Source;-“नईदुनिया”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *