• May 10, 2024 1:26 pm

परिंदे हमारे परिवार के सदस्य जैसे-इनको सहेजना हमारा नैतिक दायित्व

By

Mar 15, 2021
परिंदे हमारे परिवार के सदस्य जैसे-इनको सहेजना हमारा नैतिक दायित्व

बक्सर : शहीद पार्क में रविवार को पक्षियों की भूख-प्यास मिटाने के लिए दैनिक जागरण का अभियान परिदों की परवाह से प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के लोग और बड़ी संख्या में आम लोग जुड़े। कार्यक्रम का आयोजन रेडक्रॉस सोसाइटी की डुमरांव शाखा ने किया। कार्यक्रम में भाग लेते हुए जिले के एडीएम किशोरी प्रसाद और डुमरांव राज परिवार के युवराज मानविजय सिंह ने कहा कि परिदे हमारी जीवनशैली का हिस्सा हैं और परिवार जैसे हैं, इन्हें सहेजना हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है। उपस्थित लोगों ने अपने घर के आंगन और छत पर बर्तन में दाना-पानी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में आए अतिथियों ने दैनिक जागरण की समय-समय पर अपने सामाजिक दायित्व का बखूबी निर्वहन करने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रशंसा की। युवराज मान विजय सिंह ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव शत्रुघ्न प्रसाद गुप्ता उर्फ मोहन जी ने जब उन्हें यहां आमंत्रित किया तो बचपन से ही पशु-पक्षियों के प्रति गहरा लगाव होने के कारण वे यहां तुरंत आने को तैयार हो गए। उन्होंने कहा कि पशु-पक्षियों का संरक्षण जरूरी है, यह जागरण की अच्छी सोच है, इन्हें गर्मी के इस मौसम में बचाए रखने के लिए पानी जरूर पिलाएं। संरक्षण के अभाव में कई प्रजाति के पशु-पक्षी विनष्ट होने के कगार पर हैं। रेडक्रॉस के अध्यक्ष डॉ.आशुतोष सिंह और उपाध्यक्ष डॉ.शशांक शेखर ने कहा कि सार्थक पत्रकारिता करते हुए दैनिक जागरण ने जो अभियान छेड़ा है, इसका दूरगामी परिणाम सामने आएगा। समाज में जागरूकता आएगी तथा पूर्वजों की पुरानी परंपरा को याद करते हुए लोग पशु पक्षियों को संरक्षित करने के उपाय करेंगे। जल-जीवन, हरियाली का हिस्सा है यह अभियान

अभियान की सराहना करते हुए बक्सर के एडीएम किशोरी चौधरी ने कहा कि इस अभियान का बड़ा हिस्सा सरकार का जल जीवन हरियाली कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि पशु-पक्षी पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में बहुत सहायक है। भविष्य के पर्यावरण के खतरे को देखते हुए पशु पक्षियों को संरक्षित रखना जरूरी है। समाजसेवी मनोज केसरी ने कहा कि सनातन धर्म हमें पशु पक्षियों के संरक्षण की सीख देते आया है। कई वैदिक पूजा पाठ में भी पशु पक्षियों को खाना परोसने की बहुत पुरानी परंपरा है। कार्यक्रम में अजीत सिंह, अमरनाथ केसरी, जदयू नेता संजय रवि राज, रमेश कुमार, प्रमोद अग्रवाल, बैंक अधिकारी धनंजय सिंह, अतुल उपाध्याय और सामाजिक कार्यकर्ता सोनू वर्मा ने भी विचार व्यक्त करते हुए लोगों से पक्षियों की प्यास बुझाने की अपील की। पशु पक्षियों से ही मिलती है प्राकृतिक प्रकोप की जानकारी

दैनिक जागरण के अभियान पर जब चर्चा छिड़ी तो कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई। रेडक्रॉस के जिलाध्यक्ष डॉ.आशुतोष सिंह ने कहा कि प्राकृतिक प्रकोप की सबसे पहले जानकारी पशु-पक्षियों को होती है। उन्होंने कहा कि अपने भविष्य को खुशहाल रखना है तो जरूरी है कि इन्हें सुरक्षित व संरक्षित करें और खुशहाल रखें। दैनिक जागरण का कोई भी कार्यक्रम व्यर्थ का नहीं होता है। यह आयोजन मानव जीवन पर भविष्य के गहरे संकट के प्रति आगाह करने के लिए है। कार्यक्रम में अशोक कुमार, हिमांशु जायसवाल, रमेश केसरी, तुलसी प्रसाद, राम जी केसरी, अमित कुमार, केके गुप्ता, अनिल केसरी, विशोका चंद, मनोज कुरैशी, सुनील उपाध्याय, संतोष कुमार, रोशन गुप्ता आदि मौजूद रहे। इस मौके पर दाना-पानी रखने के लिए रेडक्रॉस की ओर से मिट्टी के बर्तन भी बांटे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *