• May 4, 2024 11:45 pm

किसान आंदोलन से गिरे मटर के दाम

By

Mar 27, 2021
किसान आंदोलन से गिरे मटर के दाम

बाहरी राज्यों में चल रहे किसान आंदोलन का असर सोलन, सिरमौर और शिमला के मटर पर दिखना शुरू हो गया है। शुक्रवार को सब्जी मंडी सोलन में मटर के दाम पांच से आठ रुपये तक गिर गए। पिछले दो दिन से किसानों को मटर का अच्छा दाम मिल रहा था। आंदोलन के कारण मटर को दिल्ली पहुंचाने में परेशानी होने के कारण दाम कम हुए हैं। शुक्रवार को सब्जी मंडी में मटर 25 से 37 रुपये प्रतिकिलो तक बिका। दो दिन पहले मटर 35 से 45 रुपये तक बिक रहा था।

बाहरी राज्यों में किसान आंदोलन का असर ज्यादा होने के कारण प्रदेश का मटर दिल्ली की सबसे बड़ी सब्जी मंडी आजादपुर तक समय पर नहीं पहुंच रहा है। हिमाचल की अधिकतर सब्जियां वहीं सप्लाई होती हैं। इसके चलते किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। सोलन, मंडी, सिरमौर सहित अन्य जिलों में भी इन दिनों मटर की फसल तैयार है। कृषि उपज मंडी सोलन में बड़ी मात्रा में मटर इन दिनों पहुंच रहा है।

यहां से यह मटर दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की मंडियों में भेजा जा रहा है। उधर, सब्जी मंडी सोलन के सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि कृषि उपज मंडी में स्थानीय और अन्य जिलों से मटर की खेप पहुंच रही है। शुक्रवार को मटर के दामों में थोड़ी गिरावट आई है। इसका कारण किसान आंदोलन भी माना जा रहा है। आने वाले दिनों में मटर के दामों में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *