03 मई 2022 | रोहतास में सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष में शहीद सैनिकों की विधवाओं और उनके आश्रितों के लिए धन संग्रह को लेकर माडल स्कूल, डालमियानगर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन गत 31 मई को किया गया था। अब कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें रोहतास प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार गाना गा रहे हैं। गाने के बोल हैं जब से सिपाही से भइले हवलदार हो, नथुनिये पर गोली मारे सैया हमार हो।
लगभग पौने दो मिनट के वायरल वीडियो में बीडीओ स्टेज पर उत्साह के साथ ये गीत गा रहे हैं। अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि शहीदों की याद में आयोजित कार्यक्रम में इस तरह के गीत की प्रस्तुति क्यों की गई, वो भी एक सरकारी अधिकारी द्वारा, भले ही गीत की प्रस्तुति में अश्लीलता न हो, लेकिन यह गीत मौके और अवसर के लिए बिल्कुल उचित नहीं था। इस तरह गीत की प्रस्तुति शहीदों का अपमान था।
कार्यक्रम में कई अधिकारी थे मौजूद
उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम के कई अनुमंडल एवं प्रखण्ड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। अनुमंडल प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन भूमि उप समाहर्ता श्वेता मिश्र व मुख्यालय डीएसपी राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया था। मौके पर बीडीओ रोहतास मनोज कुमार, सीओ अनामिका कुमारी, राजस्व पदाधिकारी स्नेहा, बीपीआरओ विजय कुमार, बीईओ सुरेश प्रसाद एवं अन्य मौजूद थे।
देशभक्ति गीत के धुन मिलाने के लिए गाया यह गाना
इस संबंध में जब बीडीओ मनोज कुमार से पूछा गया कि शहीदों के कार्यक्रम में जब से सिपाही से भइले हवलदार हो, नथुनिये पर गोली मारे सैया हमार हो, गाया गीत वायरल हो रहा है। तो वे सफाई भरे लहजे में कहते हैं कि उन्हें एक देशभक्ति गीत गाना था, जिसकी धुन मंच पर बैठे म्यूजिशियन नहीं जानते थे। तो उस धुन की जानकारी देने के लिए उन्हें यह भोजपुरी गीत गाना पड़ा था। कहा कि उनहें गाने का शौक है और उनका यू-ट्यूब चैनल भी है।
Source;- ‘’दैनिक भास्कर’’
