• May 9, 2024 5:04 pm

बर्फबारी और बारिश बढ़ाएगी ठंड, उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम हाल?

25जनवरी 2024
रश्मि खत्री, देहरादून: 
उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है जिसकी वजह से ठंड में इजाफा हो रहा है। प्रदेश में शुष्क मौसम के साथ ही चटख धूप खिलने से मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड से थोड़ी बहुत राहत मिल रही है लेकिन सुबह और शाम के समय हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।

पर्वतीय क्षेत्र में बुधवार से मौसम का मिजाज बदला है। केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में हल्की बर्फबारी हुई है। जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहे।उत्तराखंड में आज से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और हल्की बारिश के आसार है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है।

उधम सिंह नगर और हरिद्वार में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 22.1 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.6 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 11.4 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा।नई टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 13.6 और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ विक्रम सिंह के अनुसार बुधवार शाम से ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के आसार हैं।

जबकि आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। उधम सिंह नगर और हरिद्वार में सहित आसपास के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का येलो अलर्ट है। 26 जनवरी को हल्की बारिश की उम्मीद है।

स्रोत:- “नवभारतटाइम्स”                    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *