• May 8, 2024 7:30 pm

सूरत को मिले 21.66 लाख वैक्सीन डोज, लगा दिए 22.10 लाख यानी 103% वैक्सीनेशन

ByPrompt Times

Jul 16, 2021
  • मनपा का कमाल- अगर वैक्सीन का वेस्टेज 0 भी मानें तब भी 43382 डोज अधिक दिए गए
  • आखिर 65 हजार अधिक लोगों को डोज कैसे दे दी

16-जुलाई-2021 | कोरोना टीकाकरण में सूरत महानगरपालिका ने एक ऐसा कमाल कर दिखाया, जिस पर किसी को भी विश्वास नहीं हो सकता। सूरत मनपा को केंद्र एवं राज्य सरकार ने वैक्सीन के जितने डोज दिए, उससे तीन प्रतिशत अधिक लोगों को टीका लगा दिया गया। खास बात यह है कि इसमें एक प्रतिशत डोज खराब भी हुए।

कोरोना का टीकाकरण शुरू होने से छह जुलाई तक मनपा को दक्षिण गुजरात रीजनल सेंटर से कोविशील्ड और कोवैक्सीन के कुल 21 लाख 66 हजार 880 डोज दिए गए। मनपा ने इन 21.66 लाख डोज की तुलना में 103 प्रतिशत अधिक यानी 22 लाख 10 हजार 262 लोगों को टीका लगा दिया।

मनपा के अधिकारियों के मुताबिक सूरत में वैक्सीन का वेस्टेज एक प्रतिशत है। यानी 21.66 लाख डोज में 21 हजार 668 डोज खराब भी हुई। फिर भी आवंटित डोज से अधिक लोगों को टीका दिया गया। अगर हम जीरो वेस्टेज भी मान ले तो मनपा ने प्राप्त 21.66 लाख डोज से 43 हजार 382 अधिक डोज किस प्रकार दे दी। यह गणित समझ पाना सामान्य व्यक्ति के लिए संभव नहीं। वैक्सीन के गणित के इस मायाजाल को मनपा ही सुलझा सकती है।

49.51% डोज मनपा को दिए

दक्षिण गुजरात रीजनल स्टोरेज सेंटर के मुताबिक सूरत को अब तक सबसे अधिक वैक्सीन डोज दिए गए। केंद्र एवं राज्य सरकार ने सेंटर को छह जुलाई तक कुल 43 लाख 76 हजार 340 डोज दिए। दिए गए। इसमें करीब 38 लाख कोविशील्ड और 5 लाख कोवैक्सीन डोज थे। सेंटर से सूरत महानगरपालिका को 49.51 फीसदी यानी 21 लाख 66 हजार 880 डोज मिले। इसमें 19 लाख 90 हजार 640 डोज कोविशील्ड और एक लाख 76 हजार 240 कोवैक्सीन डाेज दिए गए।

वेस्टेज जोड़ लें तो 65000 अधिक डोज दे दी गई

मनपा को वैक्सीन के कुल 21,66,880 डोज मिले और मनपा ने इससे 43,382 डोज अधिक यानी 22,10,262 डोज लोगों को दिए। मनपा के अनुसार सूरत में वैक्सीन वेस्टेज एक प्रतिशत है यानी 21.66 लाख डोज में 21668 डोज खराब हुए। अब अगर 21.66 लाख डोज में वेस्टेज भी कम कर दें तो मनपा ने प्राप्त 65 हजार अधिक लोगों को वैक्सीन दी, जो कुल प्राप्त वैक्सीन का तीन प्रतिशत है। यानी मनपा ने 103 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन दे दी।

10 डोज की वॉयल मेंं 11 को डोज देने का खेल!

कोविशील्ड एवं कोवैक्सीन की एक वॉयल में दस डोज होती है। वैक्सीनेशन के दौरान अक्सर शिकायत मिलती है कि मनपा कर्मचारी एक वॉयल में 11 लोगों को डोज दे रहे हैं। अब मनपा के वैक्सीनेशन के इस प्रत्याशित आंकड़े को देखकर शिकायतों के सच होने की आशंका है। क्योंकि बिना किसी कारण प्राप्त डोज और लगाए गए डोज में बीच इतना बड़ा अंतर कैसे हो सकता है? यह एक जांच का विषय है और मनपा को जवाब देना चाहिए।

  • डोज मिले 2166880
  • डोज दिए गए 2210262
  • खराब हुए 21668
  • अंतर 43382

Source;- “दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *