• May 23, 2024 2:00 am

मंदिरों में गूंजे जयकारे, नंदलाल का दूध से अभिषेक; चारों ओर खुशियां

20 अगस्त 2022 | रायपुर शहर में जन्माष्टमी की धूम है। आधी रात को कृष्ण लला सभी मंदिरों, घरों में पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार के बीच पधार गए। लोग पूरे उत्साह, श्रद्धा के साथ भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मना रहे हैं। तिथि को लेकर पहले थोड़ा असमंजस रहा मगर अब शुक्रवार 19 अगस्त को ही इसे मनाया गया। शुक्रवार की शाम रायपुर के गोल बाजार इलाके में लोगों की बड़ी भीड़ दिखी सभी मंदिरों में रात 9 बजे से ही विशेष पूजा-भजन का आयोजन शुरू कर दिया गया था। 12 बजने से कुछ सेकेंड पहले ही भगवान के जन्म लेने की धार्मिक मान्यता के अनुसार शंख बजाए गए। घंटियों, घंटों और आतिशबाजी के बीच भगवान का जन्म हुआ। शहर के सभी मंदिर वृंदावन बिहारी, बांकेलाल के जयकारे से गूंज गए।

इससे पहले पूरे शहर में मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का गजब का माहौल देखने को मिला। दही हंडी लूट प्रतियोगिता का आयोजन रावण भाटा मैदान में हुआ। यहां मां शीतला सोनझारा समिति पुरुष वर्ग टिकरापारा रायपुर ने 25 फीट की ऊंचाई पर मटकी फोड़ी और 31000 का इनाम जीता। श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव एवं विकास समिति के अध्यक्ष माधव लाल यादव ने बताया कि 15 फीट की ऊंचाई पर मटका फोड़कर गर्ल्स टीम ने 15000 का इनाम जीता।

गुढ़ियारी में कार्यक्रम का आयोजन सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति द्वारा किया गया। यहां कार्यक्रम के संयोजक बसंत अग्रवाल और हेमेंद्र साहू ने बताया कि 20 मिनट के भीतर मटकी फोड़ने का चैलेंज था और बदले में कैश प्राइज 3.51 लाख रुपए का।

गुढ़ियारी में कई घंटों तक टीमें मटकी नहीं फोड़ सकीें। क्रेन पर बंधी मटकी पर रस्सी के सहारे चढ़ने की छूट दी गई इसके बाद भी कोई मटकी नहीं फोड़ सका। काफी मशक्कत के बाद सोनझर्रा समिति टीकरापारा की टीम ने मटकी फोड़ी और कैश प्राइज जीता।

इस बार की पूजा का अनूठा महत्व
जन्माष्टमी को लेकर मठों-मंदिरों में तीन दिनी महोत्सव की शुरुआत गुरुवार से ही चुकी थी। डॉ. इंदुभवानंद का कहना है, इस वर्ष विशेष संयोग यह है कि इस बार अष्टमी के साथ रोहिणी नक्षत्र भी साथ में होने के कारण जन्मजयंती योग बन रहा है। पुराणों के मुताबिक रोहिणी युक्त अष्टमी तिथि की रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का पूजन करने से व्यक्ति तीन जन्म के पापों से मुक्त हो जाता है।

पुरानी बस्ती के जैतुसाव मठ, सदर बाजार के गोपाल मंदिर, समता कॉलोनी के राधाकृष्ण मंदिर, खाटू श्याम मंदिर, इस्कान मंदिर आदि में तैयारी पूरी है। यहां महा जन्मोत्सव मनाया गया है। इस बीच भगवान की विशेष पूजा और भंडारे आदि की व्यवस्था भी हो रही है।

टाटीबंध स्थित इस्कान मंदिर के दिलीप केडिया ने बताया, मंदिर में जन्माष्टमी महा-महोत्सव-2022 की शुरुआत गुरुवार को दोपहर बाद 3 बजे से ही कर दी गई। पहले दिन बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। शुक्रवार को भव्य जन्माष्टमी मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के तीसरे दिन 20 अगस्त दिन-शनिवार को भव्य व्यास पूजा होगी।

समता कॉलोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर में शुक्रवार को जन्माष्टमी उत्सव का शुभारंभ सुबह 9.00 दुग्ध अभिषेक से हुआ। मंदिर समिति के अध्यक्ष घनश्याम पोद्दार और सचिव रमाशंकर पांडे ने बताया,जन्माष्टमी पर्व पर सुबह 9.00 बजे से 101 किलो दूध से भगवान श्री कृष्ण का अभिषेक किया गया। देर रात यहां महाआरती का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

सोर्स :- दैनिक भास्कर”         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *