• June 6, 2026 2:27 am

पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का असर

Share More

27 जुलाई 2022 इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। इंदौर में पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा की जा रही शिवमहापुराण कथा के दौरान हुए शिव अभिषेक से शहर में फूलों की जमकर बिक्री हुई। बढ़ी हुई मांग देखकर बाजार में गुलाब के फूलों के दाम भी बढ़ा दिए गए। मंगलवार को थोक मंडी से लेकर खेरची बाजारों में भी मनमाने दाम पर गुलाब बिकते दिखे। थोक मंडी में गुलाब की कीमत चार गुना हो गई, जबकि खेरची दुकानों पर मुंहमांगे भाव वसूले गए।

देवी अहिल्याबाई होलकर थोक फूल मंडी के कारोबारी राकेश गोयल के अनुसार मंगलवार सुबह से गुलाब की मांग अच्छी देखने को मिली। एक दिन पहले से गुलाब में मांग बनी हुई थी। सोमवार को गुलाब 125 रुपये से 140 रुपये किलो के दाम पर थोक मंडी में बिके थे। मंगलवार सुबह से गुलाब के दाम 400 रुपये किलो तक पहुंच गए। हालांकि दोपहर 12 बजे बाद मांग में कमी आ गई। वापस दाम नीचे चले गए। बचे माल की बिक्री भी सुस्त पड़ गई। वापस दाम सोमवार के स्तर पर आ गए।

खेरची बाजार में भी सुबह से गुलाब के फूलों की मांग दिखी। बाजार में 50 से 55 रुपये प्रति पांच के दाम पर बिके। दरअसल अभिषेक में पार्थिव शिवलिंग के पूजन में गुलाब के फूल व अन्य सामग्री चढ़ाने को कहा गया था।अभिषेक के चलते दूध-दही की बिक्री भी जमकर हुई।

पांच रुपये में दो बिल्व पत्र

इसके अलावा बाजार में बिल्व पत्रों की मांग भी बढ़ गई है। पंडित प्रदीप मिश्रा रोज शिवलिंग के पूजन में बिल्व पत्र का महत्व भी बनाया। बाजार में बिल्व पत्र पांच रुपये के दो बिक रहे थे।

सुधांशु महाराज के प्रवचन व गुरु पूर्णिमा उत्सव 30 जुलाई से

विश्व जागृति मिशन के प्रमुख व संत सुधांशु महाराज के सत्संग और गुरु पूर्णिमा महोत्सव शहर में 30 व 31 जुलाई को मनाया जाएगा। सुधांशु महाराज 28 जुलाई को शहर आकर उज्जैन जाएंगे और वहां से 29 जुलाई की रात को इंदौर आएंगे। 30 जुलाई की सुबह नौ बजे माणिक बाग रोड सि्थत गुरु अमरदास हाल पर मिशन के सेवादारों को वे शुभाशीष प्रदान करेंगे। शाम पांच बजे से सत्संग प्रवचन होंगे तथा 31 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया जाएगा। इसमें पादुका पूजन के बाद वे अनुयायियों को संबोधित करेंगे।

विश्व जागृति मिशन इंदौर के प्रधान राजेंद्र अग्रवाल व कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि सभी कार्यक्रमों का पहला न्यौता मंगलवार को खजराना गणेश, जूनी इंदौर के जूना गणेश, रणजीत हनुमान व मां अन्नपूर्णा को दिया गया। इस अवसर पर दिलीप बड़ोले, विजय पांडे, घनश्याम पटेल, राजेश विजयवर्गीय, अनिल शर्मा, ओम सोलंकी आदि उपस्थित थे।

Source;-“नईदुनिया”     


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *