• April 29, 2024 10:09 pm

बिलासपुर में तेज गर्जना के साथ सुबह मूसलाधार बारिश, 40 मिनट में कई मुहल्लों में भरा पानी, सड़कें लबालब

20 जून 2022 | न्यायधानी में सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह छह बजे के करीब 40 मिनट तक मूसलाधार बारिश हुई। शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। सड़कें लबालब और कई मोहल्लों में पानी भर गया। बादलों की तेज गर्जना ने लोगों को बिस्तर से उठने पर मजबूर कर दिया। शहर में वैसे तो पांच दिनों से रोज हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो रही थी,लेकिन आज स्थिति एकदम अलग थी। सुबह पांच बजे अचानक काले घने बादल घिर आए। छह बजे के आसपास जबरदस्त बारिश ने पूरे शहर को लबालब कर दिया। तोरवा, सिरगिट्टी, मंगला, सरकंडा एवं तिफरा सहित कई इलाकों में पानी भर गया। वहीं पुराना बस स्टैंड, श्री कांत वर्मा मार्ग, व्यापार विहार में पानी भर गया।

अचानक हुई बारिश के बाद कई दुकानों में पानी भर गया, जिससे दुकानदारों को नुकसान हो गया। शहर में 40 मिनट की बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी। शहर के नालों की सफाई नहीं होने के कारण शहर की नालियों का गंदा पानी बारिश के पानी के साथ सड़कों पर आ गया। शहर के मुख्य नालों से लेकर छोटी-छोटी नालियों के जाम होने के चलते शहर में विनोबा नगर, टिकरापारा, रेलवे सहित कई जगह पानी की निकासी बंद हो गई और देखते ही देखते इन जगहों में दो फीट तक पानी भर गया। कई कॉलोनियों में बारिश के चलते सड़कें नालों में तब्दील हो गई है। यहां नाली व पाइप लाइन के लिए खोदे गए सड़कों के गड्ढे भी पानी से भरे होने के चलते लोगों को दिखाई नहीं दे रहे थे। जिसके चलते हादसे होने का डर है।

रेलवे स्टेशन में भीग गए यात्रीरेलवे स्टेशन में इस दौरान गोंडवाना एक्सप्रेस, गोरखपुर सहित रायपुर व रायगढ़ जाने लोकल ट्रेन का समय था। लिहाज प्लेटफार्म में काफी भीड़ रही। अचानक तेज हवाओं के साथ बंपर बारिश ने लोगों को बारिश से बचने का मौका नहीं दिया। आंधी के कारण प्लेटफार्म में खड़े होने की जगह नहीं थी। कई यात्री इसके कारण पानी मे भीग गए।

तापमान में आएगी गिरावटरविवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस था। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 1.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर था। मौसम विभाग की माने तो एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक स्थित है। एक द्रोणिका विदर्भ से तमिलनाडु तक 3.1 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। 20 जून को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम होने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की संभावना है। वहीं जिले में अब तक 403 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है।

सोर्स;-“नईदुनिया”     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *