03 मई 2022 | जोधपुर में जालोरी गेट पर झंडा लगाने को लेकर देर रात हुआ विवाद सुबह फिर भड़क उठा। मंगलवार सुबह दोबारा से भीड़ जुट गई। पत्थरबाजी और आगजनी शुरू हो गई। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज किया है, आंसू गैस के गोले छोड़ लोगों को खदेड़ा। जानकारी के अनुसार शनिचर थान इलाके में उपद्रवियों ने 20 से ज्यादा गाड़ियों के कांच तोड़ दिए और कई एटीएम में भी तोड़फोड़ की है।
तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला प्रशासन ने जोधपुर जिले में इंटरनेट बंद कर दिया है। वहीं, स्थिति बिगड़ती देख जयपुर से एडीजी क्राइम समेत अन्य अधिकारियों को जोधपुर भेजा गया है। उधर, आज पत्थरबाजी में एक और पुलिसकर्मी घायल हो गया है। कल रात से तीन जवान जख्मी हो चुके हैं।
दरअसल, जालोरी गेट चौराहे पर सोमवार देर रात करीब 11.30 बजे कुछ लोग झंडे लगा रहे थे। इस दौरान वीडियो बनाते एक शख्स को कुछ युवकों ने पीट दिया। कुछ लोग बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी पीटा। इसके बाद दूसरे गुट ने सामने वाले गुट पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में डीसीपी ईस्ट और उदयमंदिर एसएचओ घायल हो गए थे।
Source;- ‘’दैनिक भास्कर’
