अगस्त 19 2023 ! ग्वालियर में रविवार को होने जा रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में गृहमंत्री अमित शाह आ रहे हैं। गृहमंत्री शहर में चार घंटे रहेंगे। इस दौरान वे दो जगह जाएंगे। गृहमंत्री के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कई केंद्रीय मंत्री सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल होंगे। इससे पुलिस अलर्ट है। सुरक्षा में दो हजार जवान तैनात रहेंगे। गृहमंत्री शाह का त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। शाह दोपहर तीन बजे ग्वालियर आएंगे। इसके बाद वह सबसे पहले होटल आदित्याज जाएंगे। यहां दो घंटे रहेंगे। शाम को जीवाजी यूनिवर्सिटी स्थित अटल सभागार में कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद वह सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
गृहमंत्री अमित शाह के संभावित रूट को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था बनाई गई है। वे एयरपोर्ट रोड से गोला का मंदिर, सूर्य नमस्कार तिराहा, आकाशवाणी होते हुए मोटेल तानसेन तिराहे से सीधे जीवाजी यूनिवर्सिटी स्थित अटल सभागार पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से होटल आदित्याज जाएंगे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिन रास्तों से गृहमंत्री का काफिला गुजरेगा, उन रास्तों पर काफिला गुजरने से 15 मिनट पहले ट्रैफिक रोककर वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। दो बार ट्रैफिक रोका जाएगा। एक बार जब वह आएंगे और दूसरा शाम को जब उनकी वापसी होगी। भिंड, मालनपुर से आने वाले सभी वाहनों को बायपास से डायवर्ट किया जाएगा। निरावली तिराहे से गोला का मंदिर चौराहा होते हुए भिंड रोड की तरफ जाने वाले वाहन निरावली से डायवर्ट रहेंगे।
सोर्स :- “दैनिक भास्कर”
