• April 26, 2024 9:06 pm

फ्रांस में कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन शुरू, बुजुर्ग महिला को दी पहली खुराक

By

Dec 30, 2020
)फ्रांस में कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन शुरू, बुजुर्ग महिला को दी पहली खुराक

फ्रांस ने कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में राजधानी पेरिस के उत्तर-पूर्वी इलाके स्थित एक नर्सिंग होम में एक बुजुर्ग महिला को रविवार को पहला टीका लगाया गया। यह इलाका देश के गरीब क्षेत्रों में से एक है। पेरिस क्षेत्र के जन स्वास्थ्य सेवा के प्रमुख ऑरेलियन रूसो ने ट्विटर पर कहा कि यह एक अहम पल है जिससे बहुत ज्यादा उम्मीद है। सेवरन शहर की 78 वर्षीय महिला मौरीसिते को फ्रांस का पहला टीका लगाया गया। बाद में डिजोन के चैम्पमेल्लोट होम में भी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।

सर्वेक्षणों से पता चलता है कि फ्रांस के लोगों में नए टीके को लेकर थोड़ा संदेह है। इसी वजह से सरकार सतर्क है और टीका लगवाने को अनिवार्य नहीं कर रही है। सरकार को उम्मीद है कि गर्मियों तक 2.7 करोड़ लोगों को टीका लगा दिया जाएगा। देश की आबादी 6.7 करोड़ है। फ्रांस में कोरोना वायरस के कारण 62,570 लोगों की मौत हो गई है। करीब एक तिहाई मौतें नर्सिंग होम में हुई हैं। लिहाजा सरकार ने सबसे पहले बुजुर्गों और स्वास्थ्य कर्मियों को टीका देने का फैसला किया है।

विश्व में कोरोना संक्रमितों की संख्या आठ करोड़ के पार
दूसरी ओर, विश्व में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के लगातार बढ़ते प्रकोप के बीच इस महामारी से अब तक 17.57 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है तथा 8.03 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक विश्व के 191 देशों में कोरोना वायरस से अब तक 8,03,17,820 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 17 लाख 57 हजार 200 मरीजों की मौत हो चुकी है।

अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित
कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 89 लाख के पार पहुंच गई है जबकि 3,31,902 लोगों की मौत हुई है। संक्रमणों के मामलों में दूसरे सबसे बड़े देश भारत में संक्रमितों की संख्या एक करोड़ के पार पहुंच कर 1,01,87,850 हो गई है जबकि 97.61 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। नए मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक रहने से सक्रिय मामले घटकर 2.78 लाख रह गए हैं, जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 1,47,622 हो गई है।

फ्रांस में 62 हजार से अधिक की मौत, रूस में मरीजों की संख्या 74 लाख के पार
ब्राजील में कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले लोगों की संख्या 74.65 लाख से ज्यादा हो गई है, जबकि इस महामारी से 1,90,795 मरीजों की मौत हो चुकी है। रूस में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 29.92 लाख से ज्यादा हो गई है, जबकि 53,539 लोगों की मौत हो गई है। फ्रांस में करीब 26.07 लाख लोग इस वायरस से प्रभावित हुए हैं और 62,694 मरीजों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में 22.62 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं और 70,513 लोगों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *