• June 9, 2026 3:35 am

3 हजार मेगावाट की कमी हुई, गर्मी के साथ बढ़ा लोड

Share More

06 मई 2022 | राजस्थान के आज से एक बार फिर बिजली की कटौती शुरु हो गई है। मौसम में बदलाव, विंड पावर मिलने और बिजली की डिमांड में कुछ कमी के चलते पिछले 4 दिन से कटौती में कुछ राहत थी। अब शनिवार से बिजली संकट गंभीर हो सकता है। क्योंकि मौसम विभाग ने फिर से तेज लू और हीट वेव चलने की आशंका जताई है। इससे राजस्थान में करीब 3 हजार मेगावाट बिजली अधिकतम डिमांड से कम पड़ गई है।

दरअसल, गुरुवार शाम पीक आवर्स में बिजली की अधिकतम डिमांड 14503 मेगावाट रही। जबकि बिजली की औसत उपलब्धता 11558 मेगावाट रही। 2945 मेगावाट बिजली की किल्लत होने से बिजली कटौती करके हालात का सामना करना पड़ा। लोड शेडिंग भी की गई। आज से घोषित और अघोषित बिजली कटौती दोनों का सामना बिजली उपभोक्ताओं को करना पड़ सकता है। खासकर ग्रामीण और कस्बों में 3 से 5 घंटे की बिजली कटौती की जा सकती है।

बता दें कि 4 मई 2021 को बिजली का पीक ऑवर्स में अधिकतम लोड 11163 मेगावाट था, जबकि 4 मई 2022 को यह 14336 मेगावाट रिकॉर्ड किया गया है। पिछले साल के मुकाबले इस साल 3173 मेगावाट पीक लोड बढ़ गया है।

बिजली की ज्यादा डिमांड के कारण तय घोषित कटौती लागू रहेगी

एनर्जी डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी और राजस्थान डिस्कॉम्स के चेयरमैन भास्कर ए. सावंत ने बताया कि प्रदेश में बिजली की बहुत ज्यादा मांग बढ़ने और उपलब्धता में कमी के कारण 28 अप्रैल से संभागीय मुख्यालयों, जिला मुख्यालयों, नगरपालिका क्षेत्रों और 5 हजार से ज्यादा आबादी वाले गावों में शेड्यूल के मुताबिक बिजली कटौती की जा रही है।

सावंत ने कहा कि 1 मई के बाद उपलब्ध बिजली के हिसाब से घोषित कटौती समय से कुछ कम की गई है। उन्होंने कहा आज भी राजस्थान की कुल औसत बिजली उपलब्धता 11062 मेगावाट और अधिकतम डिमांड 14400 मेगावाट के करीब रहने का अनुमान है। उपलब्ध बिजली से ज्यादा डिमांड होने के कारण पहले से तय समय के अनुसार ही बिजली की घोषित कटौती लागू रहेगी। केवल आवश्यक सेवाओं में बिजली कटौती नहीं की जाएगी।

घोषित बिजली कटौती का तय समय

  • जयपुर, जोधपुर, अजमेर संभाग मुख्यालय पर सुबह 7 से 8 बजे तक 1 घंटा कटौती।
  • कोटा, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर संभाग मुख्यालय पर सुबह 8 से 9 बजे तक 1 घंटा कटौती।
  • जिला मुख्यालयों पर सुबह 6.30 से 8.30 बजे तक 2 घंटा कटौती।
  • नगरपालिका क्षेत्रों और 5 हजार से ज्यादा आबादी वाले कस्बों में सुबह 6 से 9 बजे तक 3 घंटा कटौती।
  • इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं (124 केवीए और ज्यादा इलैक्ट्रिसिटी लोड वाले कनेक्शन) पर शाम 6 से रात 10 बजे तक बिजली कंजंप्शन की 50 फीसदी तक लिमिट।

Source;- ‘’दैनिक भास्कर’


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *