• April 26, 2024 6:50 pm

हिमाचल में बर्फबारी से 322 सड़कें ठप, पांच जिलों में हिमस्खलन का अलर्ट, शिमला में सैलानियों ने की मस्ती

By

Jan 6, 2021
हिमाचल में बर्फबारी से 322 सड़कें ठप, पांच जिलों में हिमस्खलन का अलर्ट, शिमला में सैलानियों ने की मस्ती

हिमाचल प्रदेश में अलर्ट के बीच मंगलवार को पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा हिमपात जबकि मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। हिमपात और हिमस्खलन अध्ययन प्रतिष्ठान मनाली (सासे) ने शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिले में छह जनवरी तक हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया है। उपायुक्तों को एडवाइजरी भी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक बुुधवार को भी प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। ताजा हिमपात और बारिश से नेशनल हाईवे जलोड़ीजोत, रोहतांग पास, एनएच-305, स्टेट हाईवे लाहौल स्पीति समेत 322 छोटी-बड़ी सड़कें बंद हो गई हैं।

सबसे ज्यादा लाहौल स्पीति में 177, शिमला में 83 और किन्नौर में 48 सड़कें बंद हैं। एचआरटीसी के करीब 175 रूट ठप हो गए हैं। 110 टांसफार्मर बंद होने से बिजली भी गुल है।

अटल टनल रोहतांग मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी बंद रही। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने मनाली से अटल टनल मार्ग से बर्फ हटाने का काम रोक दिया है। बर्फबारी और मूसलाधार बारिश से पूरे प्रदेश में शीतलहर ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं।

वहीं, कांगड़ा के जयसिंहपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत जालग के गांव लद्दी गदियाड़ा में सोमवार रात बिजली गिरने से घर में रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, पंखे, वायरिंग आदि जल गए हैं। लेंटर में भी दरारें आ गई हैं।

बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग दर्रा 20
अटल टनल नॉर्थ 10
सिस्सू 8
धुंधी 10
कोकसर 12
सोलंगनाला 5
जलोड़ी दर्रा 10

न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग – 4.3
कल्पा 0
कुफरी 2.7
डलहौजी 3.5
मनाली 4.0
धर्मशाला 5.0
शिमला 6.6

ताजा हिमपात के बाद मंगलवार देर शाम कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर और खिड़की में यातायात ठप हो गया। मंगलवार को सुबह से बारिश का क्रम जारी रहा और दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 शिमला-रामपुर नारकंडा के पास दोपहर एक बजे बंद हो गया। इसके बाद रामपुर और रिकांगपिओ के लिए बस सेवा वाया बसंतपुर चलाई गई।

उधर, शिमला के नारकंडा में सैलानियों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। हालांकि, हिमपात शुरू होने के बाद शिमला से कुफरी गए टूरिस्टों को पुलिस ने वापस शिमला भेजा। बर्फबारी के चलते सड़क पर फिसलन होने से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए शिमला पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिये भी सैलानियों और स्थानीय लोगों को एहतियात बरतने के लिए चेताया।

वहीं, मनाली के साथ लगते पर्यटन स्थल सोलंगनाला के आसपास बर्फबारी होने व जाम लगने के कारण सैकड़ों पर्यटक वाहन रात तक फंसे रहे। पुलिस प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को बहाल किया गया। मनाली पुलिस के डीएसपी भी मौके पहुंचे। जाम से पर्यटकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *